क्रिकेट

NZ vs WI: चौथे वनडे में वेस्टइंडीज को 1 विकेट से हराकर, न्यूजीलैंड ने सीरीज पर 3-1 से किया कब्जा

NZ vs WI 4th ODI: न्यूजीलैंड ने पहला वनडे 7 विकेट से गंवा दिया था, लेकिन फिर लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवा और आखिरी वनडे मुकाबला औपचारिकता मात्र रह गया है।

Image

न्यूजीलैंड ने जीती सीरीज (फोटो साभार- @BLACKCAPS)

NZ vs WI 4th ODI: न्यूजीलैंड ने रविवार को बारबाडोस में खेले गए चौथे वनडे में वेस्टइंडीज को 1 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड पहला वनडे 7 विकेट से हार गया था, लेकिन फिर लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। अब पांचवा और आखिरी वनडे मुकाबला औपचारिकता मात्र रह गया है। केंसिंग्टन ओवल में सांस रोक देने वाले मुकाबले में कप्तान मिचेल सैंटनर हीरो बनकर उभरे। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन पर ऑलआउट हो गई। एक समय कैरेबियाई टीम 81 रन पर 6 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। तभी आमिर जांगू ने 51 रन और गुडाकेश मोती ने 41 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी हुई। न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की।

चैपमैन की पारी फिर लड़खड़ाई कीवी टीम

189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी खराब रही। मार्क चैपमैन ने 80 रन की जुझारू पारी खेलकर पारी को संभाला, लेकिन उनके आउट होते ही मैच फंस गया। गुडाकेश मोती ने घातक गेंदबाजी करते हुए 47 रन देकर 5 विकेट झटक लिए और न्यूजीलैंड का स्कोर 9 विकेट पर 186 रन कर दिया।

सैंटनर बने संकटमोचक

आखिरी विकेट के लिए न्यूजीलैंड को 3 रन चाहिए थे। कप्तान मिचेल सैंटनर 34 रन पर खेल रहे थे और उनका साथ दे रहे थे नंबर-11 बल्लेबाज जेडन लेनोक्स। इसी बीच सैंटनर को जीवनदान मिला। लेनोक्स दो बार आउट होने से बचे - एक बार विकेटकीपर कैच और एक बार एलबीडब्ल्यू का रिव्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ गया। आखिर में 45वें ओवर की पहली गेंद पर सैंटनर ने विजयी रन बनाकर 35 गेंद बाकी रहते टीम को जीत दिला दी। सैंटनर नाबाद 34 रन बनाकर लौटे और वेस्टइंडीज की सीरीज बराबर करने की उम्मीद तोड़ दी।

गैरी सोबर्स को श्रद्धांजलि

ये मैच वेस्टइंडीज के लिए भावुक था। टीम दिग्गज गैरी सोबर्स को जीत से श्रद्धांजलि देना चाहती थी, जिनका शुक्रवार को 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। सोबर्स के गृह मैदान केंसिंग्टन ओवल में दोनों टीमों ने काली पट्टी बांधी, झंडे आधे झुके रहे और मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा गया। उनके नाम के पवेलियन में दो सीटें खाली छोड़ी गईं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article