क्रिकेट

ये क्या! मोहम्मद शमी ने तोड़ा विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 11, 2023, 11:24 AM IST

मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट की पहली पारी में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली का एक बड़ा टेस्ट रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

मोहम्मद शमी

Photo : AP

नागपुर: अपनी शानदार तेज रफ्तार सीम गेंदबाजी के बल पर दुनियाभर के बल्लेबाजों को मुश्किल में डालने वाले टीम इंडिया के पेसर मोहम्मद शमी ने नागपुर टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी की। शमी की 37 रन की पारी की बदौलत भारतीय टीम नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के 177 रन के जवाब में 400 रन के करीब पहुंच सकी। शमी ने अक्षर पटेल के साथ नौवें विकेट के लिए 52(86) रन की साझेदारी की। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ डिफेंसिव बैटिंग तकनीक से सबको प्रभावित किया।

टेस्ट में जड़े विराट से ज्यादा छक्केशमी ने अपनी 47 गेंद में 37 रन की पारी के दौरान 2 चौके और तीन छक्के जड़े। इसी दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छक्के जड़ने के मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया। विराट ने करियर में खेले 105 टेस्ट की 178 पारियों में कुल 24 छक्के जड़े हैं। वहीं शमी के नाम नागपुर टेस्ट की पहली पारी में 61 टेस्ट की 85 पारियों में 25 छक्के हो गए हैं।

घरेलू सरजमीं पर पहले अर्धशतक से चूके

शमी नागपुर में टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ने से चूक गए लेकिन उन्होंने एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली जिसपर वो हमेशा गर्व कर सकेंगे। शमी की शानदार बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के 9 बल्लेबाजों से ज्यादा रन बनाए। वो केवल मार्नस लाबुशेन(49) से पीछे और स्टीव स्मिथ(37) की बराबरी पर रहे।

टेस्ट में ऐसा रहा है शमी का करियर

शमी ने अबतक करियर में खेले 61 टेस्ट की 85 पारियों में 25 बार नाबाद रहते हुए 12.03 के औसत से 722 रन बनाए हैं। उनके नाम दो अर्धशतक दर्ज हैं। नाबाद 56 उनका सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर है और उन्होंने ये पारी इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेली थी। उन्होंने करियर का पहला अर्धशतक भी इंग्लैंड के खिलाफ ही नॉटिंघम में जड़ा था।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article