क्रिकेट

Ashes 2025: एशेज से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

Ashes 2025: 21 नवंबर से शुरू हो रहे एशेज को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने बड़ी भविष्यवाणी की है। माइकल वॉन ने बताया है कि इस एशेज सीरीज का परिणाम आखिर होगा क्या। आपको बता दें कि पहला टेस्ट पैट कमिंस की अनुपस्थिति में खेला जाएगा।

Image

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया (साभार-ICC)

Ashes 2025: ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ में होने जा रही है। इस सीरीज में पांच मुकाबले खेले जाने हैं। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने भविष्यवाणी की है कि एशेज सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म होगी, जबकि एक मैच ड्रॉ रहेगा। माइकल वॉन का कहना है कि बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लिश टीम पर्थ में सीरीज के पहले मैच में जीत हासिल करेगी, जिसकी वजह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पैट कमिंस और जोश हेजलवुड का इस मैच से बाहर होना है।

माइकल वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अगर बेन स्टोक्स फिट रहते हैं, तो मुझे लगता है कि यह सीरीज 2-2 से बराबर रहेगी। इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में पैट या जोश की गैरमौजूदगी में जीतेगी। अगर सीरीज के पहले टेस्ट से पूर्व कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं होता, तो यही मेरी आखिरी भविष्यवाणी है।"

पैट कमिंस फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं, जबकि तेज गेंदबाज हेजलवुड को शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान विक्टोरिया के खिलाफ न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलते हुए हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। शनिवार को इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा था कि जोश हेजलवुड के बाहर होने के बाद, एशेज के पहले मैच में मेहमान इंग्लैंड की स्थिति बेहतर है।

वॉन ने कहा था, "ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हेजलवुड और कमिंस पहले टेस्ट से बाहर हैं। यह शुरुआती संकेत हैं कि बड़ी सीरीज जीतने के लिए जरूरी तेज गेंदबाजी इंग्लैंड के पक्ष में जा रही है। पर्थ में उनके लिए एक अंक आगे जाने का बड़ा मौका है।" इस वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम में मिचेल स्टार्क एकमात्र पूरी तरह से फिट पहली पसंद के तेज गेंदबाज हैं, जबकि स्कॉट बोलैंड बैकअप खिलाड़ी के रूप में हैं।

हेजलवुड के चोटिल होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया दोनों ऑलराउंडर्स कैमरन ग्रीन और ब्यू वेबस्टर को तेज गेंदबाज के रूप में मौका देने पर पर विचार कर सकता है। कमिंस, एबॉट और हेजलवुड के चोटिल होने के कारण, अनकैप्ड तेज गेंदबाज ब्रेंडन डोगेट पर्थ में अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं, जिन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए दो बार पारी में 5 विकेट हासिल किए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article