क्रिकेट

SRH vs DC Highlights, IPL 2023: दिल्ली कैपिटल्स ने हैदराबाद को घर पर दी मात, दर्ज की लगातार दूसरी जीत

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Apr 24, 2023, 11:56 PM IST

IPL 2023, SRH vs DC Highlights: आईपीएल के 34वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 रन से हरा कर सीजन की दूसरी जीत हासिल कर ली। आखिरी ओवर तक चले इस मैच में हैदराबाद की टीम पिछड़ गई। दिल्ली की यह सीजन में लगातार दूसरी जीत है।

Image

दिल्ली कैपिटल्स

Photo : Twitter

IPL 2023, SRH vs DC Highlights: राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 रन से हरा दिया। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 145 रन का लक्ष्य था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी के सामने वह 6 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। हैदराबाद की तरफ से मयंक अग्रवाल ने सर्वाधिक 49 रन की पारी खेली। आखिर में हेनरिक क्लासेन ने तेजी से 19 गेंद में 31 रन बनाए, लेकिन वह मैच फिनिश नहीं कर पाए। दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल और ऑनरिक नॉर्खिया ने 2-2 जबकि इशांत शर्मा ने 1 विकेट चटकाए।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल और मनीष पांडे ने 34-34 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज चल नहीं पाया। हैदराबाद की तरफ से वाशिंगटन सुंदर ने 3 और भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट झटके।

सनराइजर्स हैदराबाद की पारी

145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन हैरी ब्रूक का बल्ला एक और बार नहीं चला। वह 14 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ऑनरिक नॉर्खिया ने क्लीन बोल्ड किया। दूसरे विकेट के लिए मयंक अग्रवाल और राहुल त्रिपाठी ने 38 रन की साझेदारी की, लेकिन मयंक अग्रवाल 39 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद हैदराबाद ने 16 रन के भीतर 3 और विकेट गंवा दिए। हैदराबाद को कप्तान मार्करम ने उम्मीद थी कि वह मैच फिनिश करेंगे, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें 3 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। उसके बाद हैदराबाद की टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। जिसका नतीजा था कि आखिरी ओवर में टीम 13 रन नहीं बना पाई।

दिल्ली कैपिटल्स की पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल तीसरी ही गेंद पर उसने फिल सॉल्ट का विकेट गंवा दिया। सॉल्ट बिना खाता खोले भुवनेश्वर की गेंद पर हेनरिक क्लासेन के हाथो कैच आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए मार्श और वॉर्नर ने तेजी से 38 रन जोड़े, लेकिन टी नटराजन ने मार्श को 25 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। दिल्ली को सबसे बड़ा झटका वॉर्नर के रुप में लगा। उन्हें 21 रन के निजी स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर ने ब्रूक के हाथो कैच करवाया। इसी ओवर में दिल्ली को दो और झटके लगे। पहले सरफराज खान और फिर अमन हाकिम आउट हुए।

मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 69 रन जोड़े और दिल्ली की कुछ हद तक वापसी करा दी। अक्षर पटेल को 34 रन के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर कुमार ने क्लीन बोल्ड किया।

हेड टू हेड में हैदराबाद का पलड़ा भारी

हेड टू हेड की बात करें तो दोनों टीम के बीच अब तक कुल 22 मुकाबले हुए हैं जिसमें से 11 दिल्ली के नाम जबकि 11 सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रही है। पिछले सीजन में भी बाजी दिल्ली के हाथ लगी थी।

दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन-

अभिषेक शर्मा, हैरी ब्रूक, एडेन मार्करम (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यान्सेन, वाशिंगटन सुंदर, मयंक मारकंडे, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन-

डेविड वार्नर (कप्तान), फिल साल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, मनीष पांडे, सरफराज खान, अक्षर पटेल, अमन हाकिम खान, रिपल पटेल, ऑनरिक नॉर्खिया, कुलदीप यादव, इशांत शर्मा।

SRH vs DC के बीच मैच कब और कहां देखें?

सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article