कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 में अपने आखिरी लीग मुकाबले से पहले अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। केकेआर मथीशा पथिराना की जगह टीम मे युवा भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज लवनित सिसोदिया को शामिल किया है। आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में चोट की वजह से नहीं खेल पाने वाले पथिराना की मिड सीजन टीम में एंट्री तो हई लेकिन उन्हों ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला। लेकिन सीजन के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले पथिराना चोटिल हो गए। हेमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पथिराना सीजन के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए।
पहले भी केकेआर के लिए खेल चुके हैं सिसोदिया
विकेटकीपर-बल्लेबाज सिसोदिया इससे पहले आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और केकेआर का हिस्सा रह चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाले सिसोदिया ने अबतक अपने करियर में 15 टी20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 124 रन बनाए हैं। सिसोदिया केकेआर के साथ 30 लाख रुपये में जुड़ेंगे जो उनका बेस प्राइज है। पथिराना से पहले अंगकृष रघुवंशी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे ऐसे में टीम को एक विकेटकीपर बल्लेबाजी की भी जरूरत थी। पथिराना बेंच पर बैठे थे ऐसे में उनकी जगह एक विकेटकीपर बल्लेबाज को टीम में शामिल करने का फैसला केकेआर ने किया। जो बतौर विकेटकीपर खेलते नजर आ सकते हैं।
केकेआर के लिए ऐसे हैं प्लेऑफ के समीकरण
केकेआर की टीम आईपीएल 2026 में खेले 13 मैच में 6 जीत और 6 हार और एक रद्द मुकाबले के साथ अंक तालिका में छठे पायदान पर है। उसके खाते में 13 अंक और नेट रन रेट 0.011 का है। अगर राजस्थान अपना मुकाबला गंवा देती है तो केकेआर के पास लीग दौर के आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज करके प्लेऑफ में एंट्री का मौका रहेगा। दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स अगर पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाती है तो उसे पंजाब किंग्स को नेट रन रेट के मामले में पछाड़ने के लिए दिल्ली को 77 रन के अंतर से मात देनी होगी। अगर केकेआर लक्ष्य का पीछा करेगी तो उसे 180 रन के आस-पास के लक्ष्य को 12 से 12.4 ओवर में हासिल करना होगा। अगर केकेआर ऐसा नहीं कर पाती है और राजस्थान अपना मैच गंवा देती है तो पंजाब की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी।
