क्रिकेट

T20 World Cup 2022: तीन मैचों में बुरी तरह फेल हुए केएल राहुल, अगले मैच में होंगे बाहर?

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 31, 2022, 05:48 PM IST

KL Rahul performance in T20 World Cup 2022: टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल टी-20 विश्व कप में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। तीन मुकाबलों में उनके बल्ले से कुल 22 रन बना सके। ऐसे में भारतीय टीम के ओपनर की बल्लेबाजी पर सवाल उठ रहे हैं। राहुल को बाहर करने की मांग की जा रही है।

Image

केएल राहुल

KEY HIGHLIGHTS
  • केएल राहुल की खराब बल्लेबाजी टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय
  • क्या उपकप्तानी की वजह से टीम में राहुल हैं?
  • राहुल की जगह क्या पंत को टीम में शामिल करना चाहिए?

नई दिल्‍ली: भारतीय टीम टी-20 विश्व कप के तीन मुकाबले खेल चुकी है, जिसमें दो में उसे जीत और एक मुकाबले में हार मिली है। पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को जीत मिली तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा।

तीनों मुकाबलों के बाद अगर किसी की सबसे ज़्यादा चर्चा हो रही है तो वह हैं टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल, जिनकी गिनती एक दमदार ओपनर के रुप में की जाती है। हालांकि विश्व कप के शुरुआती तीन मुकबलों में वह जिस तरह से फेल हुए हैं उसके बाद उनपर सवाल उठना लाजमी है।

तीन मुकाबलों में केएल राहुल की ऐसी रही परफॉर्मेंस

पाकिस्तान के खिलाफ केएल राहुल 8 गेंदों पर मात्र 4 रन बनाकर नसीम शाह की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद उम्मीद थी की नीदरलैंड के खिलाफ राहुल कुछ कमाल करेंगे लेकिन यहां भी वह 12 गेंद पर 9 रन बनाकर चलते बने। दो मुकाबलों में फेल होने के बाद राहुल पर सवाल उठना लाजमी थी और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में उनके पास मौका था कि वह एक अच्छी पारी खेल कर अपने आलोचकों को जवाब दे सके।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ राहुल जब बल्लेबाज़ी करने उतरे तो उन्होंने एक शानदार छक्का लगाया लेकिन दुर्भाग्य से वह इस पारी में भी 14 गेंद पर 9 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। तीनों ही मुकाबलों में उनका फेल होना टीम इंडिया के लिए अच्छी बात नहीं रही।

साल 2021 से लेकर अभी तक ऐसी रही है राहुल की परफॉर्मेंस

केएल राहुल साल 2022 में अब तक 13 टी-20 इंटरनेशनल मैचों का हिस्सा रहे हैं जिसमें उन्होंने 27.33 की औसत से 328 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 121.03 रहा।

वहीं साल 2021 में केएल ने 11 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 289 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 28.90 और स्ट्राइक रेट 130.76 रहा। (Source: espncricinfo)

सोशल मीडिया पर राहुल पर की परफॉर्मेंस को लेकर जबरदस्त आलोचना

केएल राहुल की विश्व कप की परफॉर्मेंस पर काफी बहस चल रही है। यूजर्स उनकी जगह टीम में पंत को शामिल करने की मांग कर रहे हैं, ताकि टीम को अच्छी शुरुआत मिल सके।

क्या उपकप्तान होने की वजह से उन्हें टीम में रखना मजबूरी हो गया?

टी-20 विश्व कप में रोहित शर्मा भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं तो वहीं केएल राहुल उपकप्तान हैं। क्या उपकप्तानी की वजह से केएल राहुल को लगातार मौके दिए जा रहै है? या फिर टीम मैनेजमेंट उनपर लगातार भरोसा दिखा रहा है ताकि वह फॉर्म में वापसी कर सके।

सेमीफाइनल में कहीं टीम इंडिया के लिए कमजोर कड़ी ना बन जाए राहुल?

ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया अभी मजबूत स्थिति में है और उसे अपने अगले दो मुकाबले बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने हैं। इस बात की पूरी संभावना है कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। लेकिन अगर सेमीफाइन में राहुल का बल्ला ऐसे ही ख़ामोश रहा तो टीम इंडिया को भारी नुकसान हो सकता है।
अंकित कुमार
अंकित कुमारauthor

अंकित कुमार सोशल मीडिया टीम में असिस्टेंट मैनेजर हैं। अंकित डिजिटल पत्रकारिता में पिछले 7 साल से सक्रिय हैं। सोशल मीडिया के साथ-साथ अंकित को क्रिकेट पर फ़ीचर स्टोरीज़ करना पसंद है।

और पढ़ें
End of Article