क्रिकेट

INDW vs ENGW: भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज को लेकर झूलन गोस्वामी की बड़ी भविष्यवाणी

INDW vs ENGW: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे वनडे सीरीज को लेकर झूलन गोस्वामी ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है। टी20 सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय महिला टीम को लेकर झूलन ने भविष्यवाणी की है और स्कोर लाइन भी बताया है।

Image

भारत और इंग्लैंड वनडे सीरीज (साभार-x-bcci women)

INDW vs ENGW: भारत की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने मौजूदा भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। सीरीज में फिलहाल 1-0 से आगे चल रही टीम इंडिया ने पहली बार इंग्लैंड में टी20 सीरीज अपने नाम की थी। अब झूलन को उम्मीद है कि हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम वनडे सीरीज में भी 3-0 से क्लीप स्वीप करेगी। भारत सीरीज का पहला मैच चार विकेट से अपने नाम कर चुका है, जिसके बाद लॉर्ड्स में शनिवार को दूसरा मुकाबला खेला जाएगा।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच से पहले हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने लॉर्ड्स से पूर्व तेज गेंदबाज के साथ वीडियो कॉल पर बात की। बीसीसीआई विमेंस ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें हरमनप्रीत और जेमिमा ने झूलन गोस्वामी से कहा, "आपको फिर से देखकर बहुत अच्छा लगा। अंदाजा लगाइए कि हम कहां हैं।" इस बीच जेमिमा ने झूलन गोस्वामी से पूछा कि क्या उनकी याद आती है? इस पर झूलन ने जवाब दिया, "मेरे साथ भी ऐसा ही है। मुझे भी आप लोगों की बहुत याद आ रही है। काश मैं भी स्टैंड्स से यह मैच देख रही होती।" जेमिमा ने तुरंत जवाब दिया, "आप मैच देख नहीं रहीं, हमारे साथ खेल रही हैं, झूलू दी।" इसके बाद सभी हंस पड़े।

बातचीत जारी रखते हुए, भारतीय कप्तान ने कहा, "हमें लॉर्ड्स में आपका स्पैल बहुत याद आएगा।" इस पर झूलन ने कहा, "मुझे आप लोगों की बहुत याद आएगी। हमने इंग्लैंड में पहली बार 3-0 से जीत हासिल की थी। मुझे उम्मीद है कि आप लोग भी इसे दोहराएंगे। आप सभी शानदार लय में हैं।" भारत की सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक, झूलन गोस्वामी ने सितंबर 2022 में लॉर्ड्स में अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत किया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के अंतिम मुकाबले में दो विकेट अपने नाम किए थे। टीम इंडिया ने सीरीज 3-0 से जीती थी।

इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला टीम टी20 सीरीज अपने नाम कर चुकी है। अब उसकी निगाहें वनडे सीरीज पर हैं। भारतीय टीम इस समय जिस लय में है, उसे देखते हुए 2022 के प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद की जा रही है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article