क्रिकेट

IND vs BAN Test Series: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले लिट्टन दास को सता रहा है इस बात का डर

बांग्लादेश की पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे लिट्टन दास को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले सता रहा है इस बात का डर?

Image

लिट्टन दास

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • लिट्टन दास को भारत दौरे पर सता रहा है एसजी बॉल का डर
  • एसजी गेंद होती है पुरानी होने के बाद रिवर्स स्विंग
  • एसजी के गेंद का सामना करना होगा पूरी तरह अलग

ढाका: लिट्टन दास पाकिस्तान में हुई टेस्ट श्रृंखला में मिली ऐतिहासक 2-0 की जीत के दौरान बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी रहे और उनका मानना है कि भारत में लाल रंग की ‘एसजी टेस्ट गेंद’ का सामना करना टीम के लिए पूरी तरह से अलग होगा जो काफी मुश्किल परीक्षा होगी। लिट्टन ने दो टेस्ट में 56 और 138 रन की पारी खेली। वह 19 सितंबर से चेन्नई में शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला के दौरान कप्तान नजमुल हुसैन शांटो, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन और युवा शादमान इस्लाम के साथ एक बार फिर बांग्लादेश के बल्लेबाजी लाइन के अहम खिलाड़ी होंगे।

एसजी गेंद के सामने होगी बल्लेबाजी मुश्किल

पाकिस्तान में टेस्ट मैच कूकाबुरा गेंद से खेले गये थे जो श्रीलंका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका द्वारा घरेलू मैदानों पर इस्तेमाल की जाती है। कूकाबुरा की बुनाई इतनी मोटी और उभरी नहीं होती जितनी भारत में बनने वाली ‘एसजी टेस्ट’ गेंद की होती है जो रिवर्स स्विंग में मदद कर सकती है। लिटन ने ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ से कहा,'भारत में गेंद अलग होगी। एसजी गेंद के खिलाफ खेलना थोड़ा मुश्किल होता है। कूकाबूरा गेंद जब पुरानी हो जाती है तो इससे खेलना आसान होता है। इससे बेहतर कुछ नहीं है। मुझे नहीं लगता है कि यह दबाव है। हम टेस्ट में सुधार कर रहे हैं, इसलिये हमें इस प्रारूप में थोड़ा और निरंतर होना चाहिए। यही मुख्य चुनौती है।'

अब मुझे जिम्मेदारी उठानी होगी

बांग्लादेश के लिए पिछले नौ साल तीनों प्रारूपों में 223 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके लिटन अब विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए काफी अनुभवी हो चुके हैं। उन्होंने कहा,'मुझे अब जिम्मेदारी उठानी होगी। यह सही समय है। मैं पिछले 10 साल से खेल रहा हूं तो थोड़ा अनुभवी हो चुका हूं। मैं कुछ गेंदों पर रन जुटाने की कोशिश करूंगा जिन्हें मुझे लगता है कि मैं हिट कर सकता हूं। इन दिनों रन बनाना ज्यादा अहम है। मुझे लगता है कि मैं उसी तरीके से बल्लेबाजी करता हूं जिस तरह से ज्यादातर बल्लेबाज खेलते हैं।'

निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने का हो गया है अनुभव

हाल के दिनों में उन्हें निचले क्रम में बल्लेबाजी करने का भी काफी अनुभव हो चुका है। उन्होंने कहा,'मैं आमतौर पर मेहदी हसन मिराज के साथ बल्लेबाजी करता हूं। कभी कभार मैं शाकिब भाई (शाकिब अल हसन) या मुश्फिक भाई (मुश्फिकुर रहीम) के साथ भी बल्लेबाजी करता हूं। अगर मैं अपने शॉट नहीं खेल पाऊंगा तो स्कोर आगे नहीं बढ़ेगा। मैं इसी तरह से खेलना चाहता हूं। मैं उसी तरह से खेलने की कोशिश करूंगा जिस तरह से मैं ट्रेनिंग में बल्लेबाजी करता हूं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article