क्रिकेट

Irani Cup VID vs ROI Day one: विदर्भ ने शेष भारत के खिलाफ की शानदार शुरुआत, अथर्व ताइदे ने जड़ा नाबाद शतक

रणजी चैंपियन विदर्भ ने शेष भारत के खिलाफ ईरानी कप में की शानदार शुरुआत की है। अर्थर ताइदे ने शानदार शतक जड़कर विदर्भ को मजबूत शुरुआत दिलाई है।

Image

अथर्व ताइडे(फोटो क्रेडिट BCCI Domestic)

नागपुर: सलामी बल्लेबाज अथर्व ताइडे के नाबाद शतक से विदर्भ ने ईरानी कप मैच के पहले दिन बुधवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम े शेष भारत के खिलाफ पांच विकेट पर 280 रन बनाए। ताइडे ने 240 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के से नाबाद 118 रन बनाए। यश राठौड़ ने भी 153 गेंद में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन की पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए उस समय 184 रन की साझेदारी की जब टीम 80 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।

खराब रही विदर्भ की शुरुआत

रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सात ओवर में बिना विकेट गंवाए 40 रन बनाए लेकिन इसके बाद जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए। भारत के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर ताइडे को बोल्ड कर दिया था लेकिन यह नोबॉल हो गई। आकाशदीप (35 रन पर दो विकेट) ने आठवें ओवर में अमन मोखाडे (19) को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच कराके शेष भारत को पहली सफलता दिलाई। मैदानी अंपायर ने मोखाडे को आउट नहीं दिया लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें फैसला बदलना पड़ा। आकाशदीप ने 10वें ओवर में ताइडे को फिर परेशान किया लेकिन शेष भारत की टीम ने अपील नहीं की। बाद में रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले का अंदरूरनी किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई थी। अगले ओवर में अंशुल कंबोज ने भी ताइडे को पहली स्लिप में लगभग कैच करा ही दिया था लेकिन रीप्ले में दिखा कि क्षेत्ररक्षक के हाथों में पहुंचने से पहले गेंद जमीन को छू गई थी।

जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके ध्रुव शौरे

किशन ने 22वें ओवर में ध्रुव शौरे (18) का कैच टपकाया लेकिन विदर्भ का यह बल्लेबाज जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाया और अगले ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (64 रन पर तीन विकेट) का शिकार बना। दो गेंद बाद सुथार ने दानिश मालेवार (00) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराके विदर्भ का स्कोर 80 रन पर तीन विकेट किया। ताइडे और राठौड़ ने इसके बाद विदर्भ को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

शतक से चूके राठौड़

गेंदबाजों ने हालांकि एक बार फिर शेष भारत को वापसी दिलाई। राठौड़ शतक से चूक गए जब उन्होंने सुथार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में 74वें ओवर में गुरनूर बरार को कैच थमाया। कप्तान अक्षय वाडकर भी सिर्फ पांच रन बनाने के बाद आकाशदीप की गेंद पर किशन को कैच दे बैठे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article