क्रिकेट

IPL 2025: लखनऊ सुपर जायंट्स का मेंटर बनने के बाद जहीर ने भरी हुंकार, कहा-टीम हर तरह से है तैयार

जहीर खान ने लखनऊ सुपर जायंट्स का नया मेंटर बनने के बाद नए सीजन में टीम की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। जानिए कैसी होगी बतौर मेंटर जहीर की अप्रोच।

Image

जहीर खान और संजीव गोयनका(साभार LSG)

कोलकाता: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मेंटर (मार्गदर्शक) का पद संभालने के बाद इसे उस फ्रेंचाइजी के लिए बेहद खास शुरुआत बताया जो दो बार प्लेऑफ में पहुंचने के बावजूद आईपीएल जीतने में नाकाम रही। लखनऊ की टीम ने 2022 में पदार्पण करने के बाद गौतम गंभीर के मेंटर रहते हुए दो बार प्लेऑफ में जगह बनाई लेकिन पिछले सत्र में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और टीम सातवें स्थान पर रही।

हर तरह से तैयार है टीम

जहीर ने मेंटर नियुक्त किए जाने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'लखनऊ आईपीएल में नई फ्रेंचाइजी है लेकिन इसे इस रूप में नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि टीम हर तरह से तैयार है। इस फ्रेंचाइजी ने काफी प्रगति की है। लगातार प्लेऑफ में पहुंचकर उसने अपनी निरंतरता दिखाई है जो इस तरह के कड़े टूर्नामेंट में मुश्किल होता है। जब मैं फ्रेंचाइजी की सफलता में अपना योगदान देने के बारे में सोचता हूं तो इससे मुझे काफी आत्मविश्वास मिलता है।'

अगला सत्र हमारे लिए होगा खास

जहीर ने कहा,'प्रक्रिया बेहद जरूरी होती है और यह मेरी जिम्मेदारी होगी। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि वह प्रक्रिया अच्छी तरह से लागू हो जो टीम की सफलता के लिए आवश्यक होती है। उम्मीद है कि अगला सत्र हमारे लिए खास होगा जो इस फ्रेंचाइजी के लिए बहुत-बहुत खास शुरुआत होगी।'

दो साल बाद जहीर ने की है आईपीएल में वापसी

45 वर्ष के जहीर दो साल बाद आईपीएल में लौटे हैं । वह 2018 से 2022 के बीच पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। गंभीर के जाने के बाद से लखनऊ टीम में यह पद रिक्त पड़ा है। गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ गए थे जिसने 2024 आईपीएल जीता। अब गंभीर भारतीय टीम के मुख्य कोच हैं।

मुंबई के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे जहीर

जहीर मुंबई इंडियंस में क्रिकेट निदेशक थे और बाद में वैश्विक विकास प्रमुख बने। लखनऊ टीम के पास फिलहाल गेंदबाजी कोच नहीं है । दक्षिण अफ्रीका के मोर्नी मोर्कल टीम के गेंदबाजी कोच थे जो अब गंभीर के साथ भारतीय टीम के सहयोगी स्टाफ में शामिल हैं। जहीर मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और दिल्ली डेयरडेविल्स के लिये आईपीएल खेल चुके हैं। उन्होंने इन टीमों के लिये 100 मैचों में 102 विकेट लिये। उन्होंने आखिरी बार 2017 में आईपीएल खेला था जब वह दिल्ली टीम के कप्तान थे। लखनऊ टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर हैं जबकि लांस क्लूसनर और एडम वोजेस सहायक कोच हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article