क्रिकेट

RR vs CSK, IPL 2025: गुवाहाटी में राजस्थान के रॉयल्स की होगी चेन्नई के सुपर किंग्स की भिड़ंत, नजरें जीत की राह पर लौटने पर

इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन के 11वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुवाहाटी में भिड़ंत होगी। दोनों टीमें इस मुकाबले में जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेंगी। जानिए इस मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच प्रीव्यू

गुवाहाटी: पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के हाथों अपने गढ़ चेपॉक पर 17 साल बाद मिली हार से हतप्रभ चेन्नई सुपर किंग्स का सामना रविवार को गुवाहाटी की टर्निंग पिच पर राजस्थान रॉयल्स से होगा तो नजरें जीत की राह पर लौटने पर लगी होंगी। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने चेन्नई के लचर क्षेत्ररक्षण और खराब बल्लेबाजी का फायदा उठाते हुए 50 रन से जीत दर्ज की। आईपीएल के पहले सत्र (2008) के बाद चेपॉक पर आरसीबी की चेन्नई के खिलाफ यह पहली जीत थी।

नौवें पायदान पर बल्लेबाजी कर रहे हैं धोनी

चेन्नई के लिये महेंद्र सिंह धोनी नौवें नंबर पर उतर रहे हैं जिससे प्रशंसकों को काफी निराशा हाथ लगी है। धोनी ने 16 गेंद में नाबाद 30 रन बनाकर अपने प्रशंसकों को भले ही खुश कर दिया हो लेकिन टीम के लिये तब तक मैच हाथ से निकल चुका था। आरसीबी के खिलाफ जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार का सामना करने में चेन्नई के बल्लेबाज नाकाम रहे।

चेन्नई जैसी होगी गुवाहाटी की परिस्थियां

गुवाहाटी की विकेट चेपॉक की तरह है जिस पर राजस्थान रॉयल्स का सामना करना उतना मुश्किल नहीं होगा चूंकि उसके पास इतना मजबूत गेंदबाजी आक्रमण नहीं है। रियान पराग को कप्तानी का उतना अनुभव भी नहीं है। दूसरी ओर चेन्नई का गेंदबाजी आक्रमण भी इस बार उतना धारदार नहीं लग रहा । मथीशा पथिराना और बायें हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद ने शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन भारतीय गेंदबाज नाकाम ही रहे हैं।

चेन्नई के धाकड़ गेंदबाज नहीं डाल पा रहे हैं असर

खलील अहमद नयी गेंद के उतने प्रभावी गेंदबाज नहीं हैं। रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा इस प्रारूप में अब उतने खतरनाक नहीं रह गए। वैसे मोईन अली और वरुण चक्रवर्ती ने जिस तरह केकेआर के लिये यहां के हालात का बखूबी फायदा उठाया, उसी तरह अश्विन और जडेजा भी चेन्नई के लिये उपयोगी साबित हो सकते हैं । ऐसे में रॉयल्स के बल्लेबाजों संजू सैमसन, पराग, शुभम दुबे, नीतिश राणा और ध्रुव जुरेल के लिये मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।

रॉयल्स को खल रही है क्वालिटी बैटर की कमी

रॉयल्स के पास जोस बटलर जैसा धुरंधर विदेशी बल्लेबाज नहीं है। वहीं तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा जैसे भारतीय गेंदबाजों में आत्मविश्वास का अभाव है। उनके पास कोई उच्च कोटि का स्पिनर भी नहीं है और इस समय दो कमजोर टीमों के मुकाबले में चेन्नई का पलड़ा भारी लग रहा है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :

चेन्नई सुपर किंग्स:

रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी , डेवोन कॉनवे, राहुल त्रिपाठी, शेख रशीद, वंश बेदी (विकेटकीपर), सी आंद्रे सिद्धार्थ, रचिन रवींद्र, रविचंद्रन अश्विन, विजय शंकर, सैम कुरेन, अंशुल कंबोज, दीपक हुडा, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, खलील अहमद, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, मथीषा पथिराना।

राजस्थान रॉयल्स:

रियान पराग (कप्तान), संजू सैमसन, शुभम दुबे, शिम्रोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा, कुणाल सिंह राठौड़, वैभव सूर्यवंशी, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, अशोक शर्मा, तुषार देशपांडे, फजलहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, महेश थीक्षाना, युद्धवीर सिंह।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article