क्रिकेट

फॉफ डुप्लेसी ने एलिमिनेटर मुकाबले में आरसीबी की हार का किसके सिर पर फोड़ा ठीकरा, बताया-टीम को क्यों मिली हार?

रॉयल चैलेजर्स बेंगलोर के कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने जानिए किसके सिर पर फोड़ा एलिमिनेटर मुकाबले में आरसीबी का हार का ठीकरा? इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर भी रखी अपनी राय।

Image

संजू सैमसन और फॉफ डुप्लेसी(साभार IPL/BCCI)

Faf du Plessis: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का एक बार आईपीएल का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 8 विकेट पर 172 रन का स्कोर खड़ा किया। रजत पाटीदार 34 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। वहीं विराट कोहली ने 33 और महिपाल लोमरोर ने 32 रन की पारी खेली और टीम को राजस्थान रॉयल्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद आरसीबी के गेंदबाजों ने शुरुआत में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विकेट लेने के मौके बनाए लेकिन खराब फील्डिंग का खामियाजा टीम को उठाना पड़ा और राजस्थान ने 19 ओवर में 173 रन के विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।

जीत के लिए पर्याप्त नहीं था स्कोर

आरसीबी का एक बार फिर खिताबी जीत का सपना टूटने से कप्तान फॉफ डुप्लेसी निराश नजर आए। डुप्लेसी ने कहा, दूसरी पारी में जब ओस पड़ने लगी तब हमें लगा कि हमने थोड़े रन कम बनाए, हम कुछ और रन बनाकर मैच को और प्रतिस्पर्धी बना सकते थे। हमारे कुछ रन कम थे लेकिन इस पिच पर स्कोर अच्छा था। लेकिन टीम के खिलाड़ियों को श्रेय जाता है कि उन्होंने अच्छी तरह संघर्ष किया और कड़ी टक्कर दी और अंत तक मैच में बने रहे। इसलिए मुझे अपनी टीम पर गर्व है।

इम्पैक्ट प्लेयर ने बिगाड़ा सारा गणित

क्या इस पिच पहले बल्लेबाजी करना मुश्किल था? इसके जवाब में डुप्लेसी ने कहा, अगर आप पिच को सामान्य तौर पर आंकते हैं तो इसपर 180 रन का स्कोर पर्याप्त था। शुरुआत में पिच थोड़ी धीमी थी। मुझे लगता है कि सभी टी20 मुकाबलों में 180 के आसपास स्कोर पर्याप्त होता है। लेकिन इस सीजन में एक अतिरिक्त बल्लेबाज ने स्थितियों को बदल दिया है। टीमों की बल्लेबाजी और गहरी हो गई। सुपरसब की वजह से पहले वाले स्कोर जीत के लिए पर्याप्त नहीं रह गए हैं। ये सबसे बड़ी चुनौती है। दो दिन से यहां ओस आ रही है इसे देखते हुए हमें लगा कि जीत के लिए पर्याप्त स्कोर नहीं खड़ा कर सके। सामान्य स्थितियों में हमारा स्कोर जीत के लिए पर्याप्त था।

टीम के प्रदर्शन पर है गर्व

आपकी टीम ने लीग के आखिरी दौर में जो प्रदर्शन किया वो शानदार था। क्या ट्रॉफी आरसीबी के करीब आ रही है। तो इसके जवाब में डुप्लेसी ने कहा मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है। बहुत सारी टीमें थीं 9 मैच में एक जीत से निराश हो जातीं लेकिन हमने फैसला किया कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। लगातार 6 मैच जीतने के लिए बुहत अधिक उस्ताह और दिलेरी की आवश्यक्ता थी। जब ऐसा होता है तो आपको लगता है कि भाग्य आपके साथ है और आपसे कुछ स्पेशल कराना चाहता है। आज की रात हम केवल 20 अतिरिक्त रन नहीं बना सके।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article