क्रिकेट

RCB vs GT Match Highlights: आरसीबी ने गुजरात को 4 विकेट से रौंदा, लगातार तीसरी जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को रखा बरकरार

आरसीबी ने गुजरात टाइटन्स को अपने घर पर खेले गए मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखा है।

Image

फॉफ डुप्लेसी और विराट कोहली(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरसीबी ने गुजरात को 4 विकेट से रौंदा
  • 13.4 ओवर में हासिल किया 148 रन का लक्ष्य
  • अंक तालिका में सातवें पायदान पर पहुंची आरसीबी

बेंगलुरू: फॉफ डुप्लेसी की कप्तानी वाली आरसीबी ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटन्स को 4 विकेट के अंतर से मात देकर अपनी प्लेऑफ की संभावनाओं को बरकरार रखा है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए आरसीबी ने गुजरात के बल्लेबाजों को पिच पर पैर नहीं जमाने दिए और 19.3 ओवर में पूरी टीम को 147 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 148 रन के लक्ष्य को 13.4 ओवर में फॉफ डुप्लेसी,विराट कोहली और दिनेश कार्तिक आतिशी पारियों की बदौलत हासिल कर लिया। आरसीबी की यह सीजन की यह चौथी और लगातार तीसरी जीत है। आरसीबी के खाते में 11 मैच में 4 जीत और 7 हार के साथ 8 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में दसवें से सातवें पायदान पर पहुंच गई है।

पहले विकेट के लिए विराट-डुप्लेसी ने जोड़े 92 रन

जीत के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 92 रन जोड़े। लेकिन पांचवीं गेंद पर आतिशी अर्धशतक जड़ने के बाद फॉफ डुप्लेसी जोशुआ लिटिल की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 23 गेंद में 64 रन बनाए। इसके बाद आरसीबी के विकेटों की झड़ी लग गई। एक छोर विराट कोहली संभाले रहे और दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। 13 गेंद में महज 15 रन पर आरसीबी ने 4 विकेट गंवा दिए। फॉफ डुप्लेसी, विल जैक्स(1), रजत पाटीदार(2) और ग्लैन मैक्सवेल (4) रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। जोशुआ लिटिल ने इनमें से 3 विकेट अपने नाम किए। एक सफलता नूर अहमद को मिली।

स्टुअर्ट लिटिल ने दिए आरसीबी को बड़े झटके

आरसीबी ने पांचवां विकेट भी 111 के स्कोर पर कैमरन ग्रीन के रूप में गंवा दिया। दसवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कैमरन ग्रीन लिटिल की गेंद पर शाहरुख खान के हाथों लपके गए। वो 1(2) रन बना सके। ये लिटिल का इस मैच का चौथा विकेट था। लिटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।

दिनेश कार्तिक ने कराई जीत की दहलीज पार

इसके बाद विराट कोहली को नूर अहमद ने एक शानदार गेंद पर विकेट के पीछे कैच कराकर आरसीबी को बड़ा झटका दिया। विराट 27 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट गिरते ही स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया लेकिन इसके बाद दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर मोर्चा संभाला और स्वपनिल सिंह के साथ मिलकर टीम को 13.4 ओवर में जीत दिला दी। दिनेश कार्तिक 12 गेंद में 21 और स्वपनिल सिंह 9 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

गुजरात की टीम हुई 147 रन पर ढेर

आरसीबी ने अपनी अनुशासित गेंदबाजी के बल पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स को 19.3 ओवर में 147 रन पर ढेर कर दिया। गुजरात के लिये डेविड मिलर और शाहरूख खान ने 61 रन और राहुल तेवतिया तथा राशिद खान ने 44 रन की साझेदारी की। टीम को शीर्षक्रम पर एक अच्छी साझेदारी की कमी खली। आरसीबी के तेज गेंदबाजों के सामने गुजरात के शीर्षक्रम के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आये । मोहम्मद सिराज ने 29 रन देकर और यश दयाल ने 21 रन देकर दो दो विकेट लिये। गुजरात की टीम पावरप्ले में दो चौके ही लगा सकी जिससे साबित होता है कि बल्लेबाज किस कदर दबाव में थे।

गुजरात ने सस्ते में गंवाए 3 विकेट

गुजरात का पावरप्ले में स्कोर तीन विकेट पर 23 रन था जो इस सत्र का न्यूनतम स्कोर है। सिराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रिद्धिमान साहा को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों लपकवाया। वहीं शुभमन गिल डीप प्वाइंट में विजयकुमार व्यशाक को कैच देकर पवेलियन वापस लौटे। कैमरन ग्रीन ने पावरप्ले में तीसरा विकेट फॉर्म में चल रहे बी साई सुदर्शन के रूप में लिया जिन्होंने मिड ऑफ में विराट कोहली को कैच थमाया।

मिलर-शाहरुख ने पहुंचाया सम्मानजनक स्कोर तक

मिलर ने 20 गेंद में 30 और शाहरूख ने 24 गेंद में 37 रन बनाकर गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिये 37 गेंद में 61 रन जोड़े। मिलर को 23 के स्कोर पर कर्ण शर्मा की गेंद पर ग्रीन ने स्क्वेयर लेग में जीवनदान दिया। उन्होंने कर्ण को दो छक्के लगाये लेकिन इसी गेंदबाज ने उन्हें डीप में ग्लेन मैक्सवेल के हाथों लपकवाया। शाहरूख रन लेने के प्रयास में कोहली के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। तेवतिया ने 21 गेंद में 35 और राशिद ने 14 गेंद में 18 रन बनाये। राशिद को यश दयाल ने आउट किया। तेवतिया ने कर्ण को 16वें ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!