क्रिकेट

IPL 2023: यशस्वी जायसवाल ने की आतिशी बल्लेबाजी, तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 8, 2023, 07:10 PM IST

यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए वीरेंद्र सहवाग का आईपीएल मैचों के पहले ओवर में बनाया भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

यशस्वी जायसवाल (साभार IPL/BCCI)

गुवाहाटी: शानदार फॉर्म में चल रहे युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शनिवार को गुवाहाटी में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए वीरेंद्र सहवाग का आईपीएल मैच में पारी के पहले ओवर में सबसे अधिक स्ट्राइकरेट से रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।

खलील अहम के ओवर में जड़े पांच चौके

जायसवाल ने मैच की पहले ओवर में बांए हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद के खिलाफ हल्ला बोल दिया और लगातार तीन चौके जड़कर पारी की शुरुआत की। चौथी गेंद पर वो रन नहीं ले सके लेकिन पांचवीं और छठी गेंद को फिर बाउंड्री के पार भेज दिया। इस तरह पहले ओवर में यशस्वी ने 6 गेंद में 20 रन के साथ राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई।

पहले ओवर में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले भारतीय

पारी के पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल ने पहली 6 गेंद में 333. 33 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की। इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में पहले ओवर में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया। आईपीएल करियर में जायसवाल ने पहले ओवर में 143.75 के स्ट्राइकरेट से रन बनाए हैं। पहले ओवर में कम से कम 100 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में उनसे आगे वेस्टइंडीज के सुनील नरेन हैं। पहले ओवर में उनका स्ट्राइक रेट 147.67 का है। ऐसे में यशस्वी वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़कर पहले ओवर में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। सहवाग ने आईपीएल में पहले ओवर में 128.63 के स्ट्राइक से रन बनाए।

25 गेंद में यशस्वी ने पूरा किया अर्धशतक

यशस्वी ने दिल्ली के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत करते हुए 25 गेंद में 11 चौकों की मदद से आईपीएल में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। पारी के नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी 31 गेंद में 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और एक छक्का जड़ा। पहले विकेट के लिए बटलर के साथ 51 गेंद में 98 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article