MS Dhoni, Eden Gardens: एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को कोलकाता के इडेन गार्डन्स मैदान पर खेले गए आईपीएल मुकाबले में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रन के अंतर से रौंद दिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 236 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 186 रन रन बना सकी और 49 रन के अंतर से मैच गंवा दिया।
यलो सी में तब्दील हुआ इडेन गार्डन्स
रविवार को इडेन गार्डन्स में फैन्स धोनी और सीएसके के समर्थन में पीले रंग की जर्सी पहनकर आए थे। पीली जर्सी वाले प्रशसकों से स्टेडियम खचाखच भरा था। होम टीम की जगह मेहमान टीम का समर्थन करने वाला ये नजरा बेहद विलक्षण था खासकर उस कोलकाता में जहां खेल जुनून है और लोग अपनी-अपनी टीमों के खेमों में बंटे होते हैं।कोरोना काल के बाद आईपीएल अपने पुराने रूप में लौटा है और माना जा रहा है कि एमएस धोनी का ये बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन होगा। ऐसे में वो इस बार आईपीएल में खेलने के लिए जिन शहरों में जा रहा है वहां धोनी के समर्थन में स्टेडियम यलो जर्सी पहने प्रशंसकों से खचाखच भरा नजर आ रहा है। इस सिलसिले की शुरुआत 31 मार्च को अहमदाबाद में खेले गए सीजन के पहले मुकाबले के साथ हुई थी। जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात की धोनी के धुरंधरों से भिड़ंत हुई थी।
बहुत शुक्रिया...इतनी बड़ी संख्या में आप आए
इडेन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर मैच में जीत के बाद धोनी प्रेजेंटेशन के लिए आए तो उन्होंने सबसे पहले कोलकाता के प्रशंसकों को आज के मुकाबले में अपार समर्थन देने के लिए शुक्रिया कहा। धोनी ने कहा, आप सभी का समर्थन के लिए शुक्रिया। आज प्रशंसक बड़ी संख्या में मैदान में आए अगली बार जब भी केकेआर यहां खेलेगी तो वो उसकी जर्सी पहनकर समर्थन करेंगे। मैं जानता हूं कि वो उनका समर्थन करेंगे लेकिन ये एक ऐसा मौका है जब वो मुझे विदाई देना चाहते हैं और यलो जर्सी पहनकर आए हैं। मेरी तरफ आप सभी का बहुत शुक्रिया। ये बेहतरीन मौका था जब एक स्टेडियम में इतने सारे दर्शक यलो जर्सी में थे वो खासकर कोलकाता में तो उनका बहुत धन्यवाद।
