क्रिकेट

INDW vs ENGW: पहले वनडे में हार के बाद इंग्लैंड की टीम पर लगी दोहरी मार, भारतीय प्लेयर पर भी हुआ जुर्माना

भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेली जा रहा तीन मैच की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के बाद आईसीसी ने मेजबान टीम और भारत की प्रतीक्षा रावल पर जुर्माना लगाया है।

Image

प्रतीक्षा रावल (फोटो क्रेडिट AP)

दुबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज प्रतीका रावल और इंग्लैंड की टीम पर शुक्रवार को साउथैम्पटन में खेले गए तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। रावल पर दो अलग-अलग घटनाओं में लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया।

रावल को 18वें ओवर के दौरान इंग्लैंड की गेंदबाज लॉरेन फाइलर और उसके अगले ओवर में सोफी एक्लेस्टोन के साथ अनावश्यक शारीरिक संपर्क बनाने का दोषी पाया गया।

आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा,'भारतीय सलामी बल्लेबाज को थोड़े अंतराल के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं के लिए दंडित किया गया। उन्होंने 18वें ओवर में एक रन लेते समय गेंदबाज लॉरेन फाइलर के साथ शारीरिक संपर्क बनाया, जिससे उन्हें बचना चाहिए था। अगले ओवर में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय उन्होंने गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी ऐसा संपर्क बनाया।'

इस प्रकार रावल के रिकार्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था। भारत ने पहला वनडे चार विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। आईसीसी ने इसके साथ ही कहा कि उसने धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड की टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है, क्योंकि उसने निर्धारित समय में एक ओवर कम किया था। बयान के अनुसार 'रावल और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने मैच रेफरी सारा बार्टलेट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article