क्रिकेट

महाकाल के शरण में वर्ल्ड चैंपियन दीप्ति शर्मा, भस्म आरती में हुईं शामिल (वीडियो)

Deepti Sharma Video: दीप्ति शर्मा महाकाल के दर्शन करने पहुंची। इस दौरान उन्हें सम्मानित किया। जब टीम इंडिया विश्व कप में लगातार मुकाबले हार रही थी, तो भारतीय दल ने टूर्नामेंट के बीच महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया था।

Image

दीप्ति शर्मा (साभार-Screengrab)

Deepti Sharma Video: महिला विश्व क्रिकेट कप 2025 का खिताब जीतने के बाद भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रविवार को आशीर्वाद लेने के लिए उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। इस दौरान वह सुबह पवित्र भस्म आरती में शामिल हुईं। जब टीम इंडिया विश्व कप में लगातार मुकाबले हार रही थी, तो भारतीय दल ने टूर्नामेंट के बीच महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया था। उस दौरान खिलाड़ियों ने भस्म आरती में शामिल होने के बाद नंदी हॉल में प्रार्थना की थी।

इसके बाद टीम सेमीफाइनल में पहुंची, जहां ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देने के बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया। महाकालेश्वर में भस्म आरती को आध्यात्मिक रूप से शक्तिशाली अनुष्ठान माना जाता है, जो सुबह के समय किया जाता है। भक्तों के लिए इसका गहरा महत्व है, जो इसे एक पवित्र और रहस्यमय वातावरण में भगवान महाकाल के दिव्य रूप के दर्शन करने का एक दुर्लभ अवसर मानते हैं।

दीप्ति शर्मा ने नवी मुंबई में खेले गए फाइनल मैच में 58 रन की पारी खेलने के बाद गेंद से भी अपना जलवा बिखेरा था। उन्होंने 9.3 ओवरों में 39 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। इस खिताब को जीतने के बाद उन्होंने कहा था, "सच कहूं तो, यह एक सपने जैसा लग रहा है। बहुत अच्छा लग रहा है कि मैं विश्व कप फाइनल में इस तरह योगदान दे सकी। हमने हमेशा सोचा है कि हम हर मैच से मिली सीख का उपयोग कैसे कर सकते हैं। एक टीम के रूप में, हम बहुत खुश हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं जिस भी डिपार्टमेंट में होती हूं, या जिस भी स्थिति में होती हूं, उसका हमेशा आनंद लेती हूं। मैं परिस्थिति के अनुसार खेलना चाहती थी। मुझे बहुत मजा आया। एक मंच के रूप में, एक ऑलराउंडर के रूप में प्रदर्शन करने से ज्यादा अद्भुत एहसास और क्या हो सकता है।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article