क्रिकेट

ICC Women's World Cup 2025 Champion: हरमनप्रीत सेना के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद लगा बधाईयों का तांता, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने ऐसे दी बधाई

भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है! हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर पूरे देश को गर्व से भर दिया। दक्षिण अफ्रीका पर मिली इस शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है, और नेताओं से लेकर आम जनता तक सबने ‘वूमेन इन ब्लू’ को सलाम किया है। देखिए इसकी झलक।

ICC Women's World Cup 2025 Champion: हरमनप्रीत सेना के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद लगा बधाईयों का तांता, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने ऐसे दी बधाई

Women's World Cup 2025 Final: भारत की बेटियों ने वह कर दिखाया है, जिसका सपना 150 करोड़ भारतीय लंबे समय से देख रहे थे। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 298 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों और फाइनल के दबाव के सामने टिक नहीं पाई और 246 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत पहली बार महिला वर्ल्ड कप का चैंपियन बन गया। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने टीम को ढेर सारी बधाइयां दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी महिला टीम को हार्दिक शुभकामनाएं

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया (X) पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा — “आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रत्येक सदस्य को हार्दिक शुभकामनाएं! उन्होंने पहली बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और आज उन्हें उनके प्रतिभा एवं मेहनत का योग्य परिणाम मिला है। यह ऐतिहासिक क्षण महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। हमारी बेटियों ने जिस तरह से भारत का मान बढ़ाया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि — “आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत देश के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल, आत्मविश्वास और टीम वर्क का परिचय दिया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को खेल के क्षेत्र में प्रेरणा देगी।”

गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि विश्व विजेता बनी भारतीय महिला टीम को मेरा सलाम। यह पूरे देश के लिए गर्व से भरा पल है, क्योंकि हमारी टीम ने #ICCWomensWorldCup2025 जीतकर भारत की शान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और क्रिकेट कौशल ने देशभर की अनगिनत बेटियों के लिए प्रेरणा का मार्ग खोला है। पूरी टीम को हार्दिक बधाई।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बताया गर्व का क्षण

भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा — “आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक शुभकामनाएं! यह देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और गर्व का क्षण है। हरमनप्रीत कौर की प्रेरणादायी कप्तानी में हमारी खिलाड़ियों ने अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा के शानदार प्रदर्शन बल्लेबाजी और गेंदबाजी से ने भारत को इस यादगार जीत तक पहुंचाया। हमारी महिला टीम की दृढ़ता, कौशल और अदम्य जज्बे ने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है और देश का मान बढ़ाया है।”

टीम इंडिया को सलाम - विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा — “विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम!

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में ‘विमेन इन ब्लू’ की शानदार जीत पर हार्दिक बधाई। यह भारतीय क्रिकेट के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है और पूरे देश को गौरवान्वित करने वाला पल है।”

भारतीय टीम का अद्भुत प्रदर्शन - बिहार सीएम नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा कि “आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की ऐतिहासिक और शानदार जीत पर मैं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना का अद्भुत प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाकर देश का मान बढ़ाया है। भारत की बेटियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करती रहेगी।”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बताया जीत को ऐतिहासिक पल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा — “यह गर्व से भरा ऐतिहासिक पल है! हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ ने इतिहास रच दिया और करोड़ों भारतीयों के दिल जीत लिए। आपके साहस, दृढ़ संकल्प और शालीनता ने भारत का गौरव बढ़ाया है और अनगिनत बेटियों को निर्भीक होकर सपने देखने की प्रेरणा दी है। आपने सिर्फ ट्रॉफी नहीं जीती, बल्कि पूरे देश के उत्साह और आत्मविश्वास को ऊंचा उठा दिया है। जय हिंद!”

सभी देशवासियों को शुभकामनाएं - यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा — “ऐतिहासिक जीत पर विश्व विजेता बनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हार्दिक अभिनंदन! इस गौरवशाली उपलब्धि पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। आप सभी ने अपने अदम्य साहस और प्रतिभा से राष्ट्र का मान बढ़ाया है। भारत माता की जय!”

वूमेन इन ब्लू ने रचा इतिहास - दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा — “इतिहास रच दिया गया — भारत बना विश्व विजेता! जिन सपनों को कभी चुपचाप संजोया गया था, आज उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ ने सिर्फ जीत हासिल नहीं की, बल्कि भारतीय क्रिकेट की कहानी को एक नया रूप दे दिया है। यह ट्रॉफी सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि एक घोषणा है — हर उस बेटी के लिए जो बल्ला थामती है या किताबों में सपने बुनती है, ताकि वह अपनी असीम संभावनाओं को पहचान सके। यह विजय हर उस भारतीय की है जिसने गर्व से सिर उठाया, दिल से चीयर किया और विश्वास के साथ उम्मीद जगाई। यह उन दादियों की है जिन्होंने दुआएं दीं, उन पिताओं की जिन्होंने बेटियों को सिखाया, और उन बच्चियों की जिन्होंने सपने देखने का साहस किया। आज हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा है, हमारी आवाजें एक साथ गूंज रही हैं कि भारत विश्व विजेता है!

हर तरफ जश्न का माहौल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पहली बार आईसीसी वर्ल्ड कप जीतते ही पूरे देश में जश्न का माहौल छा गया। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। जैसे ही टीम इंडिया की जीत की खबर आई, देशभर में खुशियों की लहर दौड़ गई। फैंस ने सड़कों पर उतरकर जमकर आतिशबाज़ी की, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। हर गली, मोहल्ले और चौक पर लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वूमेन इन ब्लू जिंदाबाद’ के नारे लगाए। नवी मुंबई से लेकर दिल्ली, लखनऊ, जयपुर और चेन्नई तक जश्न का रंग दिखाई दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में शामिल था। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय है, बल्कि देशभर की बेटियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article