क्रिकेट

IND vs SA 3rd T20I Preview: धर्मशाला में फिर बढ़त हासिल करने उतरेगी टीम इंडिया, शुभमन गिल के प्रदर्शन पर होगी नजर

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में सबकी नजर शुभमन गिल के प्रदर्शन पर होगी वहीं टीम इंडिया इसमें जीत दर्ज करके एक बार फिर सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेगी।

Image

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा टी20 मैच प्रीव्यू

धर्मशाला: भारतीय टीम पांच मैचों की श्रृंखला के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो सब की निगाहें शुभमन गिल की बल्लेबाजी पर होगी जो इस प्रारूप में खुद को साबित कर चुके संजू सैमसन की जगह लेने के बाद अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने में नाकाम रहे है। गिल को श्रृंखला के बाकी बचे तीनों मैचों में एकादश में जगह मिलना लगभग तय है लेकिन उनके लिए चीजें आसान नहीं है। टी20 विश्व कप अब सिर्फ छह सप्ताह दूर है और यह सलामी बल्लेबाज इन मैचों में अगर लय हासिल करने में विफल रहा तो टीम दूसरी योजना पर काम करने का मन बना सकती है।

सूर्या के फॉर्म और शुभमन के प्रदर्शन पर उठ रहे हैं सवाल

धर्मशाला में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का पूर्वानुमान है और बर्फ से ढकी धौलाधार पर्वतमाला की पृष्ठभूमि में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले भारतीय ड्रेसिंग रूम के भीतर माहौल गर्म होगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव की लंबे समय से चली आ रही खराब लय पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि उपकप्तान गिल अब तक भरोसा जगाने में नाकाम रहे हैं। संजू सैमसन जैसे स्थापित सलामी बल्लेबाज की कीमत पर टीम में शामिल किए गए गिल प्रभाव छोड़ने में संघर्ष करते नजर आए हैं। एनरिक नॉर्खिया, मार्को यानसेन, लुंगी नगिडी, ओटनील बार्टमैन और लुथो सिपामला जैसे गेंदबाजों से सजी दक्षिण अफ्रीकी टीम की तेज गेंदबाजी आक्रमण पहले ही दिखा चुकी है कि भारतीय परिस्थितियों का कैसे फायदा उठाया जाए। धर्मशाला में परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल होगी।

दक्षिण अफ्रीकी टीम कर रही है शानदार प्रदर्शन

दुनिया भर की मौजूदा टी20 टीमों को देखे तो दक्षिण अफ्रीका इस बार उपमहाद्वीप में खिताब जीतने के लिए काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रहा है। टीम ने श्रृंखला के शुरुआती मैच में बड़ी हार का सामना करने के बाद दूसरे मैच में दमदार वापसी कर भारत को हर विभाग में पछाड़ दिया। श्रृंखला अब 1-1 से बराबरी पर है। क्विंटन डिकॉक की वापसी और उनके साथ कप्तान एडन मारक्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, डोनोवन फरेरा, डेविड मिलर और हरफनमौला यानसन की मौजूदगी ने उनकी बल्लेबाजी को बेहद खतरनाक बना दिया है। विश्व कप से पहले अब भारत के पास सिर्फ आठ मैच बचे हैं। ऐसे में मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने कठिन चुनौतियां हैं। खराब फॉर्म से जूझ रहे शीर्ष क्रम के दो बल्लेबाजों को एक साथ खिलाना शायद टीम के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।

गिल पर है खुद को टी20 में साबित करने का दबाव

कप्तान होने के नाते सूर्यकुमार यादव को एक साल से खराब फॉर्म के बावजूद विश्व कप तक कुछ हद तक सुरक्षा मिलने की संभावना है। लेकिन यह छूट गिल को मिलना मुश्किल है क्योंकि वह एशिया कप से पहले तक पारी का आगाज करने के लिए मूल विकल्प नहीं थे। छोटे प्रारूप की टीम में उनकी वापसी अब ऐसे फैसले की तरह दिख रही है, जिसमें बिना जरूरत एक संतुलित संयोजन से छेड़छाड़ की गई।

गिल को अजित अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के फैसले को सही साबित करने के लिए असाधारण प्रदर्शन करना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ एक खराब श्रृंखला के बाद संजू सैमसन को बाहर करने का निर्णय अब भी सवालों के घेरे में है। टेस्ट और वनडे में कलात्मक बल्लेबाजी करने वाले कप्तान गिल को टी20 प्रारूप में दोबारा खुद का ढालना होगा। उन्हें बाकी तीन में से कम से कम दो मैचों में बड़ी पारियां खेलनी होंगी। ऐसा नहीं हुआ तो सैमसन की वापसी या फिर 165 की शानदार टी20 अंतरराष्ट्रीय स्ट्राइक रेट वाले यशस्वी जायसवाल को न्यूजीलैंड श्रृंखला में मौका मिल सकता है।

गंभीर के फैसलों पर उठ रहे हैं सवाल

भारतीय कोच गंभीर की पहचान मजबूत फैसले लेने की है लेकिन दूसरे टी20 में अक्षर पटेल को नंबर तीन बल्लेबाजी के लिए भेजने को एक बड़ी रणनीतिक चूक की तरह देखा जा रहा है। इस फैसले की काफी आलोचना हुई है और उम्मीद है कि तीसरे मैच में इस तरह का प्रयोग देखने को नहीं मिलेगा। सूर्यकुमार के फिर से नंबर तीन पर लौटने की संभावना है, जहां उन्होंने काफी सफलता हासिल की है। इसी तरह बल्लेबाजी क्रम में अत्यधिक फेरबदल के चलते शिवम दुबे को नंबर आठ पर भेजना भी एक कमजोर फैसला रहा, जिसे अगले मैच में सुधारने की जरूरत होगी।

भारतीय एकादश में हो सकते हैं बदलाव

कुलदीप यादव ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया है। भारतीय टीम प्रबंधन आठवें क्रम तक बल्लेबाजी करने की क्षमता वाला खिलाड़ी चाहता है ऐसे में कलाई के इस खब्बू स्पिनर को अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। धर्मशाला में भी कुलदीप को बाहर बैठना पड़ सकता है, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती के साथ उन्हें खिलाने से बल्लेबाजी संतुलन बिगड़ सकता है। अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन इस श्रृंखला में खास नहीं रहा है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम प्रबंधन जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद हार्दिक पांड्या को सौंपते हुए, कुलदीप यादव के लिए एकादश में जगह बना पाता है या नहीं।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, संजू सैमसन।

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, केशव महाराज, लूथो सिपामला, एनरिक नोर्किया, लुंगी एनगिडी, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका, रीजा हेंड्रिक्स, कॉर्बिन बॉश, ओटनील बार्टमैन।

मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article