क्रिकेट

IND A vs ENG Lions: इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ इंडिया-ए की धमाकेदार शुरुआत, दोहरे शतक दहलीज पर करुण नायर

इंडिया ए टीम ने इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ इंग्लैंड के कैंटरबरी में खेले जा रहे पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच के पहले ही दिन करुण नायर, सरफराज खान और ध्रुव जुरेल की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है। ऐसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

करुण नायर (Screen Grab)

कैंटरबरी (इंग्लैंड): करुण नायर ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से ठीक पहले टीम प्रबंधन को सकारात्मक संकेत देते हुए नाबाद 186 रन बनाये जिसकी मदद से भारत ए ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ शुक्रवार को यहां चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट के पहले दिन तीन विकेट पर 409 रन बना लिये। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में चौथे नंबर पर या उससे नीचे बल्लेबाजी करने वाले नायर अपनी नाबाद पारी में बिल्कुल सहज लगे और लायंस के गेंदबाज उन्हें तनिक भी विचलित नहीं कर पाये। अब विदर्भ के लिये खेलने वाले बेंगलुरू के इस बल्लेबाज ने नॉर्थम्पटनशर के लिये काउंटी क्रिकेट खेलने के अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया और 24वां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा । उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और एक छक्का लगाया।

सरफराज शतक से चूके

वहीं सरफराज खान 119 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए । दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 181 रन जोड़े। ध्रुव जुरेल 104 गेंद में 82 रन बनाकर खेल रहे हैं और चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में 177 रन बन चुके हैं। नायर को 89 के स्कोर पर तेज गेंदबाज अजीत सिंह डेल की गेंद पर पहली स्लिप में जीवनदान मिला। इसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने उन्होंने 85 गेंद में पचासा पूरा किया। टेस्ट टीम में जगह पाने से नाकाम रहे सरफराज ने एहतियात के साथ शुरूआत करते हुए 85 गेंद में 50 रन पूरे किये । अर्धशतक जमाने के बाद उन्होंने खुलकर खेलना शुरू किया।

अभिमन्यु ईश्वरन और जायसवाल हुए नाकाम

इंग्लैंड लायंस के तेज गेंदबाजों ने अभिमन्यु ईश्वरन (08) और यशस्वी जायसवाल (24 रन, 55 गेंद) के विकेट जल्दी झटक लिए जिसके बाद नायर और सरफराज क्रीज पर बहुत सहज दिखे। भारत ए ने पहला विकेट कप्तान ईश्वरन के रूप में गंवाया जो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हुल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। जायसवाल अपने आउट होने के तरीके से बहुत निराश होंगे। वह एक घंटे तक क्रीज पर ज्यादातर समय इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने सहज होकर खेल रहे थे लेकिन तेज गेंदबाज एडी जैक की गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में कप्तान जेम्स रियू के हाथों लपके गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article