क्रिकेट

IND-W vs AUS W Preview: करो या मरो के मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगी भारत की टक्कर, जानें मैच से जुड़ी हर जानकारी

IND-W vs AUS W Preview: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का लीग मैच 13 अक्टूबर 2024 को आयोजित किया जाने वाला है। ये मैच भारतीय टीम के लिए काफी जरूरी है और टीम की निगाहें जीत दर्ज करने पर होगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया चोटों से जूझ रही है।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो- AP)

IND-W vs AUS W Preview: आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम महिला टी20 विश्व कप में रविवार को ‘करो या मरो’ के मुकाबले में चोटों से प्रभावित आस्ट्रेलिया को बड़े अंतर से हराकर अपना नेट रनरेट बेहतर करना चाहेगी ।श्रीलंका पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करके भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश की संभावना प्रबल कर ली है हालांकि पहले मैच में उसे न्यूजीलैंड ने हराया था।

दूसरी ओर आस्ट्रेलिया के तीन मैचों में छह अंक है और उसका नेट रनरेट प्लस 2.786 है । आस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश तय कर लिया है जबकि बाकी स्थान के लिये भारत, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दौड़ में है ।गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को पाकिस्तान को हराया लेकिन कप्तान एलिसा हीली फील्डिंग के दौरान पैर में चोट लगा बैठी और तेज गेंदबाज टायला व्लाएमिंक के कंधे की हड्डी खिसक गई।उनका शनिवार को स्कैन कराया जायेगा और रविवार के मुकाबले में उनका खेल पाना मुश्किल है।

भारत ने श्रीलंका को 82 रन से हराया जो टूर्नामेंट के इतिहास में उसकी सबसे बड़ी जीत है । इससे भारत का रनरेट भी नेगेटिव से पॉजीटिव हो गया और अंतिम चार में पहुंचने की संभावना भी प्रबल हुई ।इस जीत से भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर है जबकि आस्ट्रेलिया शीर्ष पर है । भारत के चार अंक है और उसे नॉकआउट में प्रवेश के लिये जीत की जरूरत है क्योंकि न्यूजीलैंड को अभी एक मैच और खेलना है और वह छह अंक लेकर अंतिम चार में पहुंच सकता है।

ऐसे में बात नेट रनरेट पर जायेगी । भारत का नेट रनरेट इस समय प्लस 0 . 567 है जबकि न्यूजीलैंड का माइनस 0.050 है ।पाकिस्तान के तीन मैचों में दो अंक हैं । अगर वे आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को हरा देते हैं और भारत आस्ट्रेलिया से हार जाता है तो सभी टीमों के चार चार अंक होंगे और तब भी नेट रनरेट पर बात आयेगी । इसलिये भारतीय टीम को न सिर्फ जीतना है बल्कि बड़े अंतर से भी जीतना है ।

टीमें :

भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, यास्तिका भाटिया, पूजा वस्त्राकर, अरूंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, डायलान हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयांका पाटिल, साजना सजीवन ।

आस्ट्रेलिया : एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, एश गार्डनर, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनू, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगान शट, अनाबेल सदरलैंड, टायला व्लाएमिंग, जॉर्जिया वेयरहैम।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article