क्रिकेट

IND vs SL: 'वो गेंदबाजों के कप्तान हैं..' सूर्या की लीडरशिप से पहले ही मैच में इंप्रेस हुए अक्षर पटेल

India vs Sri Lanka T20i: सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के जाने के बाद खेले जा रहे पहले टी20ई मैच में अपनी कप्तानी से सभी को इंप्रेस किया है। सूर्या की लीडरशिप शानदार रही और उन्होंने गेंदबाजों को अपने हिसाब से बॉलिंग करने दी इसे देखकर अक्षर पटेल भी काफी इंप्रेस हुए।

Image

अक्षर पटेल

Photo : AP

IND vs SL: भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले टी20 मैच में श्रीलंका को मात दे दी है। इसके बाद भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने कहा कि टी20 टीम के नव नियुक्त कप्तान सूर्यकुमार यादव गेंदबाजों के कप्तान हैं क्योंकि वह उन्हें अपनी रणनीति के अनुसार चलने की स्वतंत्रता प्रदान करते हैं।

अक्षर ने इसके साथ ही कहा कि श्रीलंका के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला में भारतीय टीम बल्लेबाजी में अधिकतम संयोजन आजमाने की कोशिश करेगी।सूर्यकुमार की अगुवाई में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 43 रन से जीत दर्ज करके शानदार शुरुआत की।

सूर्या गेंदबाजों के कप्तान हैं- अक्षर पटेल

अक्षर ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा - 'मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली श्रृंखला में सूर्या भाई (कप्तान) के साथ खेला था। मैं जानता था कि वह गेंदबाजों के कप्तान हैं। वह आपको अपनी रणनीति पर अमल करने की पूरी छूट देते हैं।जब भी आपकी गेंद पर शॉट लगता है तो वह आपके पास आकर कहते हैं कि यह अच्छी गेंद थी। वह आपको सलाह देते रहते हैं। एक खिलाड़ी के रूप में मेरे उनके साथ अच्छे संबंध हैं।'

अक्षर पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की टी20 श्रृंखला में भी सूर्यकुमार की कप्तानी में खेले थे। भारत ने यह श्रृंखला 4-1 से जीती थी।उन्होंने कहा कि 'मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की श्रृंखला में भी उनकी कप्तानी में खेला था और इसलिए आज जब मैं खेल रहा था तो मुझे ज्यादा अंतर महसूस नहीं हुआ। वह हमेशा गेंदबाजों का हौसला बढ़ाते रहते हैं ।'

अक्षर पटेल टीम के बैटिंग लाइन अप से खुश

भारत ने टी20 विश्व कप में ऋषभ पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा था लेकिन श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में वह सूर्यकुमार के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। अक्षर ने कहा कि बल्लेबाजी क्रम इस तरह से तैयार किया गया था जिससे टीम दाएं हाथ और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन का अधिकतम उपयोग कर सके।उन्होंने कहा कि 'हमारे टीम में बाएं हाथ से चार और दाएं हाथ के भी चार बल्लेबाज हैं। अगर क्रीज पर बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाज का संयोजन रहता है तो फिर गेंदबाजों के लिए अपनी लाइन और लेंथ बनाए रखना मुश्किल होता है।'

अक्षर ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई में नए कोचिंग स्टाफ के आने से बहुत बदलाव नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि 'मैं 10 साल से खेल रहा हूं। मैं विभिन्न कोच और कप्तान के रहते हुए खेला हूं । मुझे नहीं लगता की टीम में बहुत अधिक बदलाव होगा।'

(भाषा इनपुट्स के साथ)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article