IND vs SA ODI: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में मिली 9 विकेट की शानदार जीत और 2-1 से सीरीज जीतने के बाद युवा बल्लेबाजों ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन की सराहना की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने दोनों खिलाड़ियों के लिए कहा कि उनका भविष्य बेहद उज्जवल है और उन्हें लगातार मौके मिलते रहेंगे।
गायकवाड़ की क्षमता से प्रभावित गंभीर
गंभीर ने ऋतुराज गायकवाड़ के दबाव में शतक लगाने के तरीके की विशेष रूप से तारीफ की। कप्तान शुभमन गिल और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट के कारण अनुपस्थिति में गायकवाड़ को यह मौका मिला था।गंभीर ने कहा, "हम सभी जानते हैं कि ऋतुराज एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। दक्षिण अफ्रीका 'ए' के खिलाफ उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। इसलिए हम उन्हें इस सीरीज में मौका देना चाहते थे। इस मौके को उन्होंने अच्छे से भुनाया।" गंभीर ने दूसरे वनडे का जिक्र करते हुए कहा, "दूसरे वनडे में हम 40 रन पर 2 विकेट खोकर दबाव में थे। उस स्थिति में आकर उन्होंने शतक लगाया। यह उनकी क्षमता है।"गायकवाड़ ने दूसरे वनडे में 83 गेंद पर 12 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 105 रन की बेहतरीन पारी खेलकर अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा था।
जायसवाल को बताया 'क्षमतावान खिलाड़ी'
यशस्वी जायसवाल, जिन्हें शुभमन गिल की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने का अवसर मिला, पहले दो वनडे में सस्ते में आउट हो गए थे। लेकिन विशाखापत्तनम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में उन्होंने शानदार वापसी की।गंभीर ने जायसवाल के बारे में कहा, "जायसवाल के करियर की यह शुरुआत है। वह क्षमतावान खिलाड़ी हैं और टेस्ट क्रिकेट में वह क्या कर सकते हैं, ये हम सभी देख चुके हैं।"
तीसरे वनडे में जायसवाल ने 121 गेंद पर 12 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 116 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस शतक के साथ ही जायसवाल भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने तीनों अंतर्राष्ट्रीय फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाया है।
दोनों का भविष्य उज्जवल
गंभीर ने जोर देकर कहा कि दोनों ही युवा खिलाड़ियों को आगे भी मौके मिलते रहेंगे क्योंकि दोनों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, "गायकवाड़ और जायसवाल दोनों को मौके मिलेंगे। दोनों का भविष्य उज्जवल है।" यह बयान दोनों युवा सितारों के लिए टीम प्रबंधन के पूर्ण समर्थन को दर्शाता है, जो भविष्य के लिए भारतीय बल्लेबाजी क्रम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
