क्रिकेट

IND vs AUS: मेलबर्न टेस्ट में टीम इंडिया को क्यों मिली हार, पूर्व हेड कोच ने कर दिया खुलासा

IND vs AUS, Ravi Shastri Statement: मेलबर्न टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बताया कि टीम को क्यों हार का सामना करना पड़ा।

Image

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट (साभार-BCCI)

IND vs AUS, Ravi Shastri Statement: भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने बॉक्सिंग डे टेस्ट में राष्ट्रीय टीम की हार के लिए पांचवें दिन पहले और आखिरी सत्र में खराब शॉट चयन को जिम्मेदार ठहराया और उनका मानना है कि इस चूक के कारण मेहमान टीम को मैच और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (बीजीटी) पर अपनी पकड़ दोनों से हाथ धोना पड़ा। शास्त्री ने किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने माना कि ‘दो सीनियर खिलाड़ियों और एक युवा खिलाड़ी’ के आउट होने के तरीके की समीक्षा होगी।

शास्त्री ने डेली टेलीग्राफ में अपने कॉलम में लिखा, ‘यह देखना अद्भुत था कि भारतीय दर्शक दुनिया के सभी हिस्सों से टेस्ट क्रिकेट का अनुभव करने के लिए एमसीजी (मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड) पर आए थे।’ उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्य से अंतिम दिन बीच के सत्र के दोनों ओर (पहले और तीसरे सत्र में) खराब शॉट चयन के कारण भारत को मैच गंवाना पड़ा। और शायद यह सुनिश्चित हो गया है कि भारत ने एक टेस्ट शेष रहते बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर अपनी पकड़ खो दी है।’

कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋषभ पंत को चौथे टेस्ट में अपने प्रदर्शन के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 184 रन से जीतकर श्रृंखला में 2-1 की बढ़त हासिल की। भारत को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी बरकरार रखने के लिए सिडनी में अंतिम टेस्ट जीतना होगा जबकि ड्रॉ या मेहमान टीम की हार से ऑस्ट्रेलिया 2014-15 श्रृंखला के बाद पहली बार यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल कर लेगा। रोहित और कोहली जहां तकनीकी और मानसिक चुनौतियों से पार पाने के लिए संघर्ष करते रहे तो वहीं पंत के लॉन्ग-ऑन पर खराब पुल शॉट ने भारत की दूसरी पारी के पतन में अहम भूमिका निभाई।

शास्त्री ने कहा, ‘भारत में दूसरी पारी में कुछ अन्य आउट होने वाले खिलाड़ियों की भी समीक्षा की जाएगी जिसमें दो सीनियर खिलाड़ी और एक युवा खिलाड़ी शामिल हैं। तीन बहुत ही ढीले शॉट।’ उन्होंने रोहित और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पैट कमिंस के नेतृत्व में अंतर को भी उजागर किया। जहां कमिंस ने सीरीज के दौरान शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं रोहित का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। शास्त्री ने कहा, ‘जब कप्तान संघर्ष कर रहा हो तो इससे कोई मदद नहीं मिलती। साथ ही कमिंस जब शीर्ष स्तर का खेल दिखाते हैं तो इससे विरोधी टीम को मदद नहीं मिलती।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article