क्रिकेट

IND vs AUS: विराट-पुजारा को आउट करने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने की गेंद से छेड़छाड़, पूर्व पाक क्रिकेटर का सनसनीखेज दावा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jun 9, 2023, 02:59 PM IST

IND vs AUS, WTC Final, Ball-Tampering: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल मैदान पर खेले जा रहे आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का बुरा हाल हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया ने विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा को आउट करने के लिए गेंद से छेड़छाड़ की थी।

Image

ऑस्ट्रेलिया पर बॉल-टैंपरिंग का आरोप (screenshot)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया डब्ल्यूटीसी फाइनल 2023
  • पूर्व पाक क्रिकेटर का सनसनीखेज दावा
  • ऑस्ट्रेलिया ने विराट-पुजारा को आउट करने के लिए की बॉल-टैंपरिंग

India vs Australia WTC Final 2023, Ball-Tampering: लंदन के ओवल मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों का बुरा हाल हुआ है। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के 469 रनों पर सिमटने के बाद जवाब में उतरी टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 151 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। वहीं, दूसरी तरफ अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने एक सनसनीखेज दावा किया है। उनके मुताबिक ऑस्ट्रेलिया ने विराट कोहली (Virat Kohli) और चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) को आउट करने के लिए गेंद से छेड़छाड़ (बॉल टैंपरिंग) की थी।

भारतीय गेंदबाजों ने डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती तीन विकेट सस्ते में गिरा दिए थे, लेकिन उसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ के शतकों ने भारतीय टीम को पूरी तरह बैकफुट पर ढकेल दिया। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई टीम को तब समेट पाई जब दूसरे दिन वो 469 रन बना चुकी थी। जवाब में उतरी टीम इंडिया ने रोहित शर्मा और शुभमन गिल के विकेट सस्ते में गंवा दिए। इसके बाद फैंस को सबसे ज्यादा उम्मीदें अपने दो दिग्गज व अनुभवी बल्लेबाजों विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा से थीं लेकिन ये दोनों धुरंधर दिन के 14वें और 15वें ओवर में सस्ते में आउट हो गए।

पारी के 14वें ओवर में कैमरन ग्रीन ने चेतेश्वर पुजारा को बोल्ड कर दिया जब वो 14 रन बनाकर खेल रहे थे। जबकि मिचेल स्टार्क ने 19वें ओवर में विराट कोहली को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट करा दिया। अब खलबली तब मची जब एक वीडियो वायरल होना शुरू हुआ जिसमें पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने दावा किया है कि विराट और पुजारा को पवेलियन भेजने के लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने गेंद से छेड़छाड़ की थी।

बासित अली ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर पोस्ट किए इस वीडियो में कहा, "सबसे पहले मैं कमेंट्री बॉक्स से मैच देख रहे कमेंटेटर्स और मैदान पर मौजूद अंपायर्स के लिए तालियां बजाना चाहूंगा। ऑस्ट्रेलिया ने साफ-साफ गेंद के साथ छेड़छाड़ की और कोई भी इसके बारे में बात नहीं कर रहा है। कोई भी बल्लेबाज नहीं सोच रहा कि आखिर ये हो क्या रहा है। सबसे बड़ा उदाहरण है कि बल्लेबाज गेंद को छोड़ते हुए बोल्ड हो रहे हैं। मैं आपको इसका सबूत भी देता हूं।"

बासित ने आगे कहा, "जब शमी गेंदबाजी कर रहे थे, तब 54वें ओवर तक गेंद पर चमक बाहर की तरफ थी और गेंद स्टीव स्मिथ को अंदर की तरफ आ रही थी। इसे रिवर्स स्विंग नहीं कहते हैं। रिवर्स स्विंग उसे कहते हैं कि जब गेंद पर चमक अंदर की तरफ हो और बॉल तब अंदर की तरफ आए।"

उन्होंने कहा कि भारतीय पारी का 16वां और 18वां ओवर बॉल टैंपरिंग का साफ-साफ सबूत रहा। पारी के 18वें ओवर में गेंद को अंपायर के कहने पर बदला गया था जब उसका आकार खराब हो गया था। अली के मुताबिक जब गेंद बदली गई, उसके बाद से ऑस्ट्रेलिया के लिए चीजें काम करना शुरू हो गईं।

बासित अली कहते हैं, "आप 16वें, 17वें और 18वें ओवर को देखिए। जिस गेंद पर विराट कोहली आउट हुए, उस दौरान गेंद पर चमक को देखिए। मिचेल स्टार्क के हाथ में गेंद थी और चमक वाला हिस्सा बाहर की तरफ था, लेकिन फिर भी गेंद बाहर की तरफ निकल रही थी। जडेजा गेंद को ऑन साइड पर मार रहे थे और गेंद पोइंट दिशा की तरफ उड़ती हुई जा रही थी। क्या अंपायरों को दिखना बंद हो गया है? पता नहीं वहां बैठकर मैच देख रहे लोगों को इतनी छोटी सी चीज नजर कैसे नहीं आई।

वहीं पुजारा के विकेट के बारे में उन्होंने कहा, "ग्रीन ने पुजारा की तरफ गेंद की चमक रखते हुए गेंद फेंकी और बॉल सीधे अंदर की तरफ चली गई? मैं दंग हूं। बीसीसीआई इतना बड़ा क्रिकेट बोर्ड है, क्या वो ये देख नहीं पा रहा। इसका मतलब ये है कि आपका ध्यान क्रिकेट पर नहीं है। उनको सिर्फ इस बात की खुशी है कि भारत फाइनल में पहुंच गया है। क्या गेंद कभी 15-20 ओवर के अंदर रिवर्स स्विंग करती है, वो भी ड्यूक बॉल? कूकाबूरा गेंद जरूर रिवर्स कर सकती है लेकिन ड्यूक गेंद कम से कम 40 ओवर तक चलती ही है।"

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article