क्रिकेट

IND vs AUS 4th Test: मेलबर्न टेस्ट से पहले रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

IND vs AUS 4th Test, Rohit Sharma fitness Update: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार (26 दिसंबर 2024) को खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया।

Image

रोहित शर्मा। (फोटो- AP)

Photo : AP

IND vs AUS 4th Test, Rohit Sharma fitness Update: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच से पहले अभ्यास के दौरान उनके घुटने में लगी चोट को लेकर व्यक्त की जा रही आशंकाओं को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि वह पूरी तरह से फिट हैं लेकिन उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में अपने स्थान को लेकर संदेह बरकरार रखा। रविवार को यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर अभ्यास के दौरान रोहित के बाएं घुटने में चोट लग गई थी और इसको लेकर कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही थी।

रोहित ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के 26 दिसंबर से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मेरा घुटना ठीक है।’ रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्हें अगले मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में वापसी करनी थी लेकिन केएल राहुल ने पर्थ में 77 रन की प्रभावशाली पारी खेल कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई जिसके कारण भारतीय कप्तान को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। रोहित के लिए हालांकि यह बदलाव अच्छा नहीं रहा और उन्होंने अभी तक तीन पारियों में केवल 19 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ राहुल ने तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 84 रन बनाकर शीर्ष क्रम में अपना दावा मजबूत किया।

भारतीय कप्तान ने हालांकि कहा कि वह वही करेंगे जो टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ होगा। उन्होंने कहा, ‘कौन कहां बल्लेबाजी करेगा इसको लेकर चिंता ना करें। हमें इस पर विचार करने की जरूरत है और यह ऐसी चीज नहीं है जिस पर मैं यहां चर्चा करूं। हम वही करेंगे जो टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ होगा।’ विराट कोहली की खराब फॉर्म और ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों को खेलने में परेशानी के बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा कि यह दिग्गज बल्लेबाज इससे पार पाने का तरीका ढूंढ लेगा।

उन्होंने कहा, ‘आप कोहली के ऑफ स्टंप की बात कर रहे हैं। आप वर्तमान समय के दिग्गज बल्लेबाज की बात कर रहे हैं। आधुनिक युग के महान बल्लेबाज अपना रास्ता खुद तैयार करते हैं।’ कोहली ने पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में शतक बनाया था लेकिन दूसरे टेस्ट में वह सात और 11 रन ही बना पाए जबकि तीसरे टेस्ट मैच की एकमात्र पारी में तीन रन बनाकर आउट हो गए थे।

युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी पहले टेस्ट मैच में 161 रन की मैच विजेता पारी खेलने के बाद रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं लेकिन रोहित ने कहा कि उन्हें अपना नैसर्गिक खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम जायसवाल की मानसिकता को नहीं बदलना चाहते हैं। वह किसी अन्य की तुलना में अपनी बल्लेबाजी को अच्छी तरह से समझता है। हम उसे स्वच्छंद होकर खेलने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article