क्रिकेट

आईसीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया इंदौर की पिच को खराब, स्टेडियम के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 3, 2023, 07:36 PM IST

आईसीसी ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के लिए इस्तेमाल पिच को खराब करार दिया है।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

Photo : AP

दुबई: आईसीसी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की पिच को खराब करार दिया है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच सवा दो दिन में ऑस्ट्रेलिया की 9 विकेट से जीत के साथ समाप्त हो गया। इंदौर टेस्ट की पहली पारी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 109 रन बनाकर ढेर हो गई। मैच के छठे ओवर में ही गेंद स्पिन होने लगी। ऐसे में पिच को लेकर बहस शुरू हो गई थी।

सवा दो दिन में खत्म हो गया टेस्ट मैच

इंदौर में मैथ्यु कुह्नमेन और नाथन लॉयन की कसी हुई स्पिन गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज नहीं टिक सके। पहली पारी में 109 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में टीम इंडिया केवल 163 रन पर सिमिट गई। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 197 रन बनाए और 88 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद जीत के लिए मिले 76 रन के लक्ष्य को 18.5 ओवर में हासिल कर लिया।

आईसीसी ने पिच को बताया खराब

आईसीसी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई पिच को पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रॉसेस के तहत 'खराब' माना है। आईसीसी मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने तीसरे टेस्ट में दोनों टीमों के कप्तान रोहित शर्मा और स्टीव स्मिथ के परामर्श के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी और होलकर स्टेडियम को तीन डिमेरिट अंक प्राप्त दिए हैं। बीसीसीआई के पास आईसीसी के इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 14 दिनों का समय है।

बेहद सूखी थी पिच, पांचवीं गेंद से गई टूटने

पिच के बारे में चर्चा करते हुए क्रिस ब्रॉड ने कहा, पिच बहुत सूखी थी। यह पिच बल्ले और गेंद के बीच संतुलन प्रदान नहीं प्रदान किया और शुरुआत से ही स्पिनरों के लिए मददगार थी। मैच की पांचवीं गेंद पर पिच की सतह टूट गई और लगातार टूटती गई। इस वजह से सीम मूवमेंट बहुत कम या नहीं के बराबर था। पूरे मैच के दौरान पिच पर अत्यधिक और असमान उछाल था।'

लग सकता है एक साल का बैन

आईसीसी के पिच एवं आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रोगाम के नियमों के तहत अगर होलकर स्टेडियम को पांच साल में पांच या उससे ज्यादा डिमेरिट अंक मिलते हैं तो वहां 12 महीने तक कोई इंटरनेशनल मैच आयोजित नहीं हो सकता है। दोनों टीमों के स्पिनरों को पहले ही दिन पिच से काफी मदद मिली जिसमें 14 विकेट गिरे। पूरे मैच के दौरान गिरे 31 विकेटों में से 26 स्पिनरों ने लिए जबकि केवल चार विकेट तेज गेंदबाजों के खाते में गए जबकि एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article