क्रिकेट

WTC Points Table में भारत ने लगाई बंपर छलांग, अब केवल इस देश से पीछे

World Test Championship points Table 2023-25: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विशाल जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में बंपर फायदा हुआ है।

Image

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25

Photo : AP

World Test Championship points Table 2023-25: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विशाल जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारत को इसी के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की अंक तालिका में भी बंपर फायदा हुआ है। टीम अब दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। पहला स्थान अभी भी ऑस्ट्रेलिया के पास ही है।

इस मैच की शुरुआत से पहले भारत पांचवें नंबर पर थी और वह बांग्लादेश के भी पीछे थी। लेकिन मैच में यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी के चलते वह तीन स्थान ऊपर उठकर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। भारत का पीसीटी 52.77 हो गया और इससे उन्हें दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से आगे निकलने का मौका मिला, जिनके पास 50 का पीसीटी है।

मैच का लेखा-जोखा

दूसरे टेस्ट मैच में जीत के लिए 399 रन का पीछा कर रही इंग्लैंड की दूसरी पारी 292 रन पर समेट कर भारतीय गेंदबाजों ने उनके ‘बैजबॉल’ के तमगे पर कड़ा प्रहार किया। इस जीत से भारत ने श्रृंखला को 1-1 से बराबर कर लिया।भारतीय टीम ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के 209 रन के दम पर पहली पारी में 396 रन बनाने के बाद इंग्लैंड की पहली पारी को 253 रन पर समेट दिया था।दूसरी पारी में शुभमन गिल ने शतक जड़ा जिसकी बदौलत भारत इंग्लैंड को 399 रनों का लक्ष्य देने में सफल रही।

भारत के लिए पहली पारी में छह विकेट चटकाने वाले मैन ऑफ द मैच बुमराह ने दूसरी पारी में 46 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 72 रन देकर तीन सफलता हासिल की। वह हालांकि टेस्ट में 500 विकेट का कारनामा पूरा नहीं कर सके और इस रिकॉर्ड से एक विकेट दूर है। वहीं अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली। इन सभी के प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड 292 पर ऑलआउट हो गई और भारत को 106 रनों की जीत मिली।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article