क्रिकेट

ICC Women's World Cup 2025: इंदौर के होलकर स्टेडियम पहुंची ट्रॉफी, मैदान करेगा पांच मुकाबलों की मेजबानी

भारत की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी भारत के सबसे साफ शहर इंदौर पहुंच चुकी है। यहां के होलकर स्टेडियम में विश्व कप के पांच मैच खेले जाएंगे।

Image

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 ट्रॉफी (फोटो क्रेडिट ICC)

इंदौर (मध्यप्रदेश): भारत का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर आगामी महिला विश्व कप स्पर्धा के पांच मुकाबलों की मेजबानी करेगा और इसके लिए शहर के होलकर स्टेडियम में बुनियादी ढांचे को करीब 15 करोड़ रुपये के खर्च से मजबूत किया जा रहा है। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।एकदिवसीय मुकाबलों के प्रारूप वाला महिला विश्व कप 30 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस स्पर्धा की उल्टी गिनती शुरू होने के बीच विश्व कप ट्रॉफी को होलकर स्टेडियम लाकर प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर एमपीसीए के पदाधिकारियों के साथ ही महिला क्रिकेट की पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी मौजूद थीं।

एमपीसीए के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) रोहित पंडित ने संवाददाताओं को बताया कि होलकर स्टेडियम में अक्टूबर के दौरान महिला विश्व कप के पांच मुकाबले खेले जाएंगे जिनमें 19 अक्टूबर को मेजबान भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली भिड़ंत शामिल है। पंडित ने बताया कि विश्व कप मुकाबलों के आयोजन की तैयारियों के तहत होलकर स्टेडियम में लगभग 15 करोड़ रुपये के खर्च से अलग-अलग कामों के जरिये बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन कामों को अगले एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा जिनमें होलकर स्टेडियम में एलईडी फ्लड लाइट लगाना और दर्शकों व खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को उन्नत करना शामिल है।

विश्व कप के लिए घोषित भारतीय टीम में मध्यप्रदेश के छतरपुर की 22 वर्षीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को भी जगह मिली है जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड दौरे में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में छह विकेट चटकाए थे। पंडित ने कहा,'हम उम्मीद करते हैं कि गौड़ को विश्व कप के ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा। हम उन्हें अपने गृहराज्य (मध्यप्रदेश) में 19 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप मैच खेलते देखने के लिए खासतौर पर उत्सुक हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article