क्रिकेट

टेस्ट में टू टियर सिस्टम लाने को लेकर आईसीसी ने गठित की समिति

टेस्ट में टू टियर सिस्टम लाने की दिशा में आईसीसी ने तैयारी शुरू कर दी है। इस क्रम में उसने 8 सदस्यीय एक कमेटी बना दी है। ये इस सिस्टम पर चर्चा करेंगे और अपनी रिपोर्ट देंगे। इसके बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Image

जय शाह, आईसीसी (साभार-ICC)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टेस्ट क्रिकेट में टू-टियक सिस्टम शुरू करने की संभावना तलाशने के लिए अपने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति का गठन आईसीसी की सिंगापुर में हुई वार्षिक आम बैठक के दौरान अध्यक्ष जय शाह और गुप्ता के नेतृत्व में किया गया था। गुप्ता को इस महीने की शुरुआत में सीईओ नियुक्त किया गया था। ‘द गार्डियन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, पैनल के अन्य सदस्यों में इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग भी शामिल हैं।

हालांकि, रिपोर्ट में साफ कहा गया है, ‘‘कोई भी बदलाव विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अगले चक्र के लिए किया जाएगा, जो 2027 से 2029 तक चलेगा। इसमें मौजूदा नौ टीम के प्रारूप के बजाय छह-छह के दो डिवीजन का प्रस्ताव है।’’ समिति को इस साल के आखिर तक आईसीसी को अपनी सिफारिशें पेश करनी होगी। गोल्ड और ग्रीनबर्ग के कमेटी में शामिल होने का मतलब है कि नई टू-टियर सिस्टम लागू होने की पूरी संभावना है, क्योंकि सीए और ईसीबी इसके प्रमुख समर्थक रहे हैं। अगर यह सिस्टम लागू हो जाता है तो इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और भारत जैसी बड़ी टीम आपसे में ही खेलते नजर आएंगी जबकि जिम्बाब्वे और बांग्लादेश जैसी टीमों के लिए अलग ग्रुप होगा।

इस बीच सिडनी मार्निंग हेराल्ड के अनुसार क्लब स्तर की अंतरराष्ट्रीय टी20 प्रतियोगिता चैंपियंस लीग अगले साल से फिर से शुरू हो सकती है। आईसीसी इस प्रतियोगिता को फिर से शुरू करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। इसको लेकर चर्चा जारी है जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

चैंपियंस लीग को इससे पहले आखिरी बार 2014 में भारत में आयोजित किया गया था, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने बेंगलुरु में हुए फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर खिताब जीता था। उस प्रतियोगिता में भारत की तीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की दो-दो तथा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की एक-एक टीम ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने दो-दो, जबकि ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सेस ने एक-एक बार जीता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article