क्रिकेट

मुझे नहीं पता इमरान खान को याद है कि मैं उनकी टीम के लिए... जब सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान की तरफ से फील्डिंग की थी

Sachin Tendulkar Birthday: क्रिकेट जगत में मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर टीम इंडिया के इतिहास के सबसे सफल क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर आइए उनसे जुड़े कुछ दिलचस्प वाकये और आंकड़े जानते हैं।

Image

सचिन तेंदुलकर

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • आज सचिन तेंदुलकर का 53वां जन्मदिन
  • जब सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के लिए फील्डिंग की थी
  • आईपीएल में सचिन तेंदुलकर पहले भारतीय ओरेंज कैप विजेता थे

Sachin Tendulkar Birthday: आज भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। मुंबई के इस दिग्गज का जन्म 24 अप्रैल 1973 को हुआ था। सचिन ने जूनियर क्रिकेट में तेजी से प्रगति की और 15 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था। रणजी ट्रॉफी में डेब्यू के अगले साल ही वो भारतीय क्रिकेट टीम में चुने गए थे और पाकिस्तान के लिए अपने पहले दौरे पर गए, उस समय उनकी उम्र सिर्फ 16 साल थी और वो भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने पाकिस्तान दौरे पर टेस्ट और वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया। मास्टर ब्लास्टर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में विश्व रिकॉर्ड 200 टेस्ट और 463 वनडे मैच खेले।

सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को लेकर लोग तकरीबन सब कुछ जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलने से 2 साल पहले पाकिस्तान के लिए फील्डिंग की थी। दरअसल, 1987 में पाकिस्तान मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत के खिलाफ एक फेस्टिवल मैच खेल रहा था। पाकिस्तान के जावेद मियांदाद और अब्दुल कादिर लंच ब्रेक के दौरान मैदान से बाहर चले गए। सचिन तेंदुलकर एक स्थानीय युवा क्रिकेटर के रूप में बाहर बैठे थे और उनको पाकिस्तान के लिए स्थानापन्न के रूप में फील्डिंग करने के लिए भेज दिया गया।

मुझे नहीं पता कि इमरान खान को ये याद है...

सचिन तेंदुलकर ने अपनी पुस्तक, प्लेइंग इट माई वे में लिखा, "मुझे नहीं पता कि इमरान खान को ये याद है या उन्हें कोई अंदाजा है कि मैंने कभी उनकी पाकिस्तान टीम के लिए फील्डिंग की थी।" सचिन तेंदुलकर ने उस दौरान मैदान पर रहने के दौरान लगभग कपिल देव का कैच पकड़ लिया था। उन्होंने 1988 में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और अपने पहले ही मैच में शतक जड़ा। उन्होंने ईरानी कप और दलीप ट्रॉफी में भी अपने पहले ही मैच में शतक लगाए थे।

सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में आंकड़े

सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट में 15921 रन के साथ अपने टेस्ट करियर का अंत किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक जड़े। उन्होंने 463 वनडे में 18426 रन बनाए। सचिन ने वनडे क्रिकेट में 49 शतक लगाए। इस तरह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 100 शतक लगाए। सचिन ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना अंतिम टेस्ट मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।

मास्टर ब्लास्टर का आईपीएल करियर

इंडियन प्रीमियर लीग में सचिन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस के पहले कप्तान थे। वो आईपीएल में 2008 से 2013 तक खेले, जिस दौरान सचिन ने 78 आईपीएल मैचों में 2334 रन बनाए। उन्होंने आईपीएल में एक शतक भी लगाया। उन्होंने 2013 में मुंबई इंडियंस के खिताब जीतने के बाद आईपीएल को अलविदा कहा। वो आईपीएल में ओरेंज कैप जीतने वाले पहले भी भारतीय भी बने थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article