क्रिकेट

मैं कहीं नहीं जा रहा हूं...रोहित ने संन्यास की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी

रोहित शर्मा के सिडनी टेस्ट में खराब फॉर्म की वजह से नहीं खेलने के फैसले के बाद उपजी संन्यास की अफवाहों पर शनिवार को दो टूक बयान देकर विराम लगा दिया है। जानिए उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के फैसले पर क्या कहा?

Image

रोहित शर्मा

सिडनी:भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने सिडनी टेस्ट में नहीं खेलने का फैसला किया। ऐसे में उनकी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की खबरों ने जोर पकड़ लिया। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री जैसे खिलाड़ियों ने तो कह दिया कि रोहित ने मेलबर्न में अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेल लिया है। ऐसे में सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन लंच के दौरान रोहित शर्मा ने ऑफीशियल ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में साफ तौर पर अपने संन्यास की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मैं सिर्फ इस टेस्ट मैच में नहीं खेल रहा हूं, संन्यास नहीं लिया है। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।

कहीं नहीं जा रहा हूं मैं

रोहित शर्मा स्टार स्पोर्ट्स से कहा,'मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। मैंने संन्यास नहीं लिया है। मैं सिर्फ इस मैच में नहीं खेल रहा हूं। कोच और चयनकर्ता के साथ मेरी इस बारे में सामान्य सी बात हुई कि मैं रन नहीं बना पा रहा हूं, फॉर्म में नहीं हूं, यह एक महत्वपूर्ण मैच है और हमें फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी की जरूरत है। वैसे भी हमारी बल्लेबाजों का फॉर्म अच्छा नहीं है। इसलिए आप टीम में कई आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ियों को नहीं रख सकते। यह साधारण बात मेरे दिमाग में चल रही थी। इसलिए मैं कोच और चयनकर्ता को बताना चाहता था कि मेरे दिमाग में यही चल रहा है और उन्होंने मेरे फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आप इतने सालों से खेल रहे हैं। आप जानते हैं कि आप क्या कर रहे हैं। इसलिए मेरे लिए यह फैसला लेना मुश्किल था। लेकिन अगर सब कुछ सामने रखा जाए, तो यह फैसला समझदारी भरा था। मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचूंगा।'

बाहरी लोग नहीं कर सकते हमारे बारे में निर्णय

रोहित ने आगे कहा, मैंने आखिरी टेस्ट में नहीं खेलने का निर्णय सिडनी पहुंचने के बाद ही कर लिया था। दूसरे लोग हमारे बारे में निर्णय नहीं कर सकते कि रिटायरमेंट कब लूंगा और मुझे क्या निर्णय करना चाहिए। रन अभी नहीं आ रहे हैं इसका ये मतलब नहीं है कि आप भविष्य में भी रन नहीं बना पाएंगे। इतने सालों से क्रिकेट खेल रहा हूं, दो बच्चों का बाप हूं, मुझे पता है कब क्या करना है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article