क्रिकेट

गुजरात टाइटन्स के सलामी बल्लेबाजी की पसली में हुआ फ्रैक्चर, छह सप्ताह के लिए हो सकते हैं बाहर

गुजरात टाइटन्स के लिए खेलने वाले तमिलनाडु के बल्लेबाज साई सुदर्शन विजय हजारे ट्रॉफी में मध्यप्रदेश के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए हैं और छह सप्ताह के मैदान से बाहर हो सकते हैं।

Image

साई सुदर्शन (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: युवा भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन हाल में मध्य प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले के दौरान पसली में फ्रैक्चर होने के कारण एक महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर हो सकते हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सुदर्शन भारत की सफेद गेंद की टीम का हिस्सा नहीं हैं। अहमदाबाद में तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के बीच खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी मैच में डाइव लगाकर रन पूरा करते समय उनकी दाईं ओर की सातवीं पसली (एंटीरियर कॉर्टेक्स) में फ्रैक्चर हो गया था।

पसली में हुआ है फ्रैक्चर

चौबीस वर्षीय सुदर्शन का तमिलनाडु के लिए बचे हुए मुकाबलों में खेल पाना मुश्किल है। हालांकि उनके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस के लिए उपलब्ध रहने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार सुदर्शन ने 29 दिसंबर को बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिपोर्ट किया था और वहां कराए गए स्कैन की रिपोर्ट में दाईं ओर की सातवीं पसली के ‘एंटीरियर कॉर्टेक्स’ में हल्का फ्रैक्चर आया है।

अभ्यास के दौरान भी उसी जगह लगी थी चोट

जिस स्थान पर उन्हें फ्रैक्चर हुआ, उसी जगह उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में नेट सत्र के दौरान चोट लगी थी। स्कैन की रिपोर्ट के मुताबिक,'साई फिलहाल निचले शरीर की ताकत और अनुकूलन पर काम कर रहे हैं और चोटिल पसली की सुरक्षा के लिए उचित सुरक्षा के इस्तेमाल किये जा रहे हैं। यह उनके लिए अच्छा काम कर रहा है।

10 दिन बाद शुरू होगी ऊपरी हिस्से की ट्रेनिंग

रिपोर्ट में कहा गया,'शरीर के ऊपरी हिस्से की ट्रेनिंग अगले सात से 10 दिनों में शुरू की जाएगी।' समझा जाता है कि इस तरह की चोट को ठीक होने में आमतौर पर छह से आठ सप्ताह का समय लगता है। सुदर्शन का टेस्ट क्रिकेट में हालिया प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, जहां वह 11 पारियों में से नौ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article