क्रिकेट

ENG vs WI: विलियमसन की अर्धशतकीय वापसी, पहले दिन न्यूजीलैंड ने बनाए 231 रन

ENG vs WI: न्यूजीलैंड ने 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सत्र की शुरुआत कर ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन उसने 231 रन का स्कोर खड़ा किया। टेस्ट में वापसी कर रहे विलियमसन से अर्धशतकीय पारी खेली।

Image

न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज (साभार-Blackcap)

केन विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा, जिससे न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन नौ विकेट पर 231 रन बनाए। विलियमसन ने 102 गेंद में छह चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली। उन्होंने सलामी बल्लेबाज और कप्तान टॉम लैथम (24) के साथ दूसरे विकेट के लिए उस समय 93 रन की साझेदारी की जब टीम ने मैच की तीसरी गेंद पर ही डेवोन कॉनवे (00) का विकेट गंवा दिया था।

विलियमसन हालांकि 33 गेंद के निजी स्कोर पर भाग्यशाली भी रहे जब वह ओजाय शील्ड्स की गेंद पर बोल्ड हो गए थे लेकिन यह नोबॉल हो गई। माइकल ब्रेसवेल ने भी 73 गेंद में छह चौकों से 47 रन की उपयोगी पारी खेली। टॉम ब्लंडेल (29) और नाथन स्मिथ (23) अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे।

वेस्टइंडीज की ओर से ओजाय शील्ड्स (34 रन पर दो विकेट), जस्टिन ग्रीव्स (35 रन पर दो विकेट) और केमार रोच (47 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए।

मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में यह न्यूजीलैंड की पहली श्रृंखला है। वह एकमात्र टीम है जिसने इससे पहले मौजूदा चक्र में कोई मैच नहीं खेला है।

न्यूजीलैंड ने 2025 एकमात्र अन्य श्रृंखला अगस्त में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी और इसमें 2-0 से जीत दर्ज की थी लेकिन यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा नहीं थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article