क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025PAK W vs ENG W Highlights: बारिश की भेंट चढ़ा पाकिस्तान इंग्लैंड मुकाबला, पाकिस्तानी टीम के सेमीफाइनल के अरमानों पर फिरा पानी

महिला वनडे विश्व कप 2025 में बुधवार को इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस मुकाबले के बारिश के भेंट चढ़ते ही पाकिस्तानी टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने के अरमानों पर पानी फिर गया।

Image

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम बनाम इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

कोलंबो: पाकिस्तान के पास इंग्लैंड पर पहली जीत दर्ज करने का सुनहरा मौका था लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण उसे आईसीसी महिला विश्व कप के मैच में बुधवार को चार बार की चैम्पियन टीम के साथ अंक बांटने पड़े। कप्तान फातिमा सना के चार विकेट की मदद से पाकिस्तान ने पिच से मिल रही उछाल और मूवमेंट का फायदा उठाते हुए इंग्लैंड को बारिश के कारण प्रति टीम 31 ओवर के मैच में नौ विकेट पर 133 रन पर रोक दिया था।

जवाब में डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर पाकिस्तान को 113 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (नौ) और ओमाइमा सोहेल (19) ने अच्छी शुरूआत करते हुए 6.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 34 रन बना लिये थे। बारिश रूकती नहीं देखकर मैच आखिर में रद्द कर दिया गया जिससे पाकिस्तान की सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने की उम्मीदों पर भी लगभग पानी फिर गया। पाकिस्तान टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका है और तीन हार के बाद तालिका में सबसे नीचे है। उसके पास एकमात्र अंक है और अब उसे न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका से खेलना है।

दूसरी ओर इंग्लैंड सात अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया के भी सात अंक है लेकिन उसका रनरेट प्लस 1.35 है जबकि इंग्लैंड का प्लस 1.86 है। यह टूर्नामेंट का तीसरा मैच था जो बारिश के कारण रद्द हुआ है। इससे पहले श्रीलंका और आस्ट्रेलिया और श्रीलंका और न्यूजीलैंड का मैच भी बारिश में धुला था।

इससे पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के लिये फातिमा ने 27 रन देकर चार और बायें हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ने 16 रन देकर दो विकेट लिये। इंग्लैंड ने 25 ओवरों के बाद सात विकेट 79 रन पर गंवा दिये थे जब बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। साढ़े तीन घंटे के विलंब के बाद मैच प्रति टीम 31 ओवर का कर दिया गया। इंग्लैंड के लिये चार्लोट डीन (33) और एमिली अरलोट (18) ने बाकी छह ओवरों में 54 रन की साझेदारी करके इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

इससे पहले डायना बेग ने दूसरे ही ओवर में टैमी ब्यूमोंट को आउट करके पाकिस्तान को शानदार शुरूआत दी। फातिमा ने शीर्षक्रम को नेस्तनाबूद करते हुए एमी जोंस (आठ), नेट स्किवेर ब्रंट (चार) और कप्तान हीथर नाइट (18) को सस्ते में आउट किया। सादिया इकबाल ने इसके बाद बायें हाथ की स्पिन गेंदबाजी का कमाल दिखाते हुए एम्मा लैंब और सोफिया डंकली (11) को आउट किया। दोनों बाद डीआरएस लिया गया था और फैसला गेंदबाज के पक्ष में रहा । रमीन शमीम ने एलिस कैपसी (16) को पगबाधा आउट किया। चार बार की चैम्पियन टीम ने 117 डॉट गेंदें खेली । खेल शुरू होने के बाद डीन ने तीन और अरलोट ने दो चौके लगाये । डीन आखिरी ओवर में फातिमा की गेंद पर आउट हुई जो उनका चौथा विकेट था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article