क्रिकेट

NZ vs ENG First Test: हैरी ब्रूक ने जड़ा करियर का सातवां टेस्ट शतक, कराई इंग्लैंड की मैच में वापसी

इंग्लैंड ने क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे तीन मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में हैरी ब्रूक के सातवें टेस्ट शतक की बदौलत वापसी कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच के दूसरे दिन के खेल का हाल?

Image

हैरी ब्रूक(साभार ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में की वापसी
  • न्यूजीलैंड के 348 रन के जवाब में बनाए 5 विकेट पर 319 रन
  • हैरी ब्रूक ने खेली 132 रन की नाबाद शतकीय पारी

क्राइस्टचर्च: हैरी ब्रूक ने अपना सातवां टेस्ट शतक लगाया और ओली पोप के साथ पांचवें विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी की, जिससे इंग्लैंड ने शुक्रवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ दिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय ब्रूक 132 और बेन स्टोक्स 37 रन पर खेल रहे थे। यह दोनों छठे विकेट के लिए अभी तक 97 रन जोड़ चुके हैं। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 319 रन बनाए हैं और वह न्यूजीलैंड से केवल 29 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी में 348 रन बनाए थे।

45/3 के स्कोर से ब्रूक-पोप ने इंग्लैंड को उबारा

ब्रूक और पोप के बीच साझेदारी कितनी महत्वपूर्ण रही इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जब ब्रूक ने क्रीज पर कदम रखा तब इंग्लैंड तीन विकेट पर 45 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। जल्द ही यह स्कोर चार विकेट पर 71 रन हो गया। पोप ने यहां से ब्रूक का अच्छा साथ निभाया और वे स्कोर को 222 रन तक ले गए। पोप अंतिम सत्र में 77 रन बनाकर आउट हुए।

खराब रही थी इंग्लैंड की शुरुआत

इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही तथा उसने सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली का विकेट जल्दी गंवा दिया जो खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे नाथन स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर के दूसरे ओवर में ही पहले जैकब बेथेल (10) को आउट किया और फिर अपना 150वां टेस्ट मैच खेल रहे जो रूट (00) को पवेलियन भेजा। विल ओरूर्के ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट (46) को अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया।

ब्रूक के शतक की बदौलत मैच में लौटा इंग्लैंड

न्यूजीलैंड का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा और उसने ब्रूक को 18,41,70 और 112 रन के निजी योग पर जीवनदान दिये। ब्रूक ने इसका पूरा फायदा उठाया। वह अभी तक 163 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी आठ विकेट 319 रन से आगे बढ़ाकर 348 रन तक पहुंचाई। उसकी तरफ से ग्लेन फिलिप्स 58 रन बनाकर नाबाद रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article