क्रिकेट

क्या भारत के बिना होगा चैंपियंस ट्रॉफी 2025, ECB चीफ ने दिया जवाब

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी को लेकर पेंच फंसा है। भारतीय टीम पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगी ये भी तय है तो क्या आईसीसी बिना भारतीय टीम के चैंपियंस ट्रॉफी करा सकती है। इस पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के चीफ ने बयान दिया है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान (ICC)

Champions Trophy 2025: इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन सहित शीर्ष अधिकारियों ने सुझाव दिया है कि भारत के बिना चैंपियंस ट्रॉफी कराना कोई विकल्प नहीं है और अगर रोहित शर्मा की टीम मेजबान देश पाकिस्तान की यात्रा नहीं करती है तो कई अन्य विकल्प उपलब्ध हैं।

दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण भारत ने 2008 से पाकिस्तान में क्रिकेट नहीं खेला है और उनकी यात्रा पूरी तरह से सरकार की मंजूरी पर निर्भर होती है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को सरकार से टीम को लाहौर भेजने की अनुमति मिलने की संभावना नहीं है जिससे ‘हाइब्रिड मॉडल’ में चैंपियंस ट्रॉफी सबसे संभावित विकल्प लग रहा है। पिछले साल एशिया कप की तरह भारत अपने मैच किसी तीसरे देश में खेल सकता है जबकि अन्य मुकाबले पाकिस्तान में आयोजित किए जा सकते हैं।

टूर्नामेंट का आयोजन फरवरी-मार्च में किया जाएगा। थॉम्पसन ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड के साथ पाकिस्तान में हैं। उन्होंने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से कहा, ‘‘भारत का चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेलना क्रिकेट के हित में नहीं होगा।’’ चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की यात्रा पर फैसला दिसंबर में बीसीसीआई के मौजूदा सचिव जय शाह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का कार्यभार संभालने से पहले लिया जा सकता है। शाह को अगस्त में आईसीसी अध्यक्ष के रूप में चुना गया था।

थॉम्पसन ने कहा, ‘‘यह दिलचस्प है। बीसीसीआई के पूर्व सचिव और अब आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह की इसमें बड़ी भूमिका होगी। इसमें भूगोलीय राजनीति और फिर क्रिकेट भू राजनीति होगी। मुझे लगता है कि वे कोई रास्ता निकाल लेंगे। उन्हें कोई रास्ता निकालना ही होगा। ’’ ईसीबी के सीईओ गोल्ड ने कहा, ‘‘यदि आप भारत या पाकिस्तान के बिना चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते हैं तो प्रसारण अधिकार नहीं होंगे और हमें उन्हें सुरक्षित रखने की जरूरत है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह (पाकिस्तान) मेजबान देश हैं। हमने घटनाक्रमों को देखा है और हम सभी यह समझने का इंतजार कर रहे हैं कि क्या भारत इसके लिए पाकिस्तान की यात्रा करने जा रहा है। यही अहम है। ’’ गोल्ड ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि कुछ चर्चायें हैं। मुझे पता है कि पाकिस्तान को उम्मीद है कि भारत यात्रा करेगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो कई अलग विकल्प उपलब्ध हैं। ’’ भारत और पाकिस्तान कई टीम के टूर्नामेंट जैसे विश्व कप और एशिया कप में एक दूसरे से खेलते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article