England vs New Zealand 2nd test: न्यूजीलैंड की टीम दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन आक्रामक पारी खेलकर इंग्लैंड के खिलाफ बढ़त के करीब पहुंच गई है। टीम के सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम और डेवोन कॉन्वे ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को 160 के पार पहुंचाया। इस मुकाबले में टीम को जीत के लिए इंग्लैंड के खिलाड़ा बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा, क्योंकि अभी दो दिन का मैच बचा हुआ है और न्यूजीलैंड के पास सात विकेट अभी बाकी है। उम्मीद है कि न्यूजीलैंड की टीम बढ़त हासिल करने के साथ इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रख सकती है।
फोलोऑन खेलने उतरी न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन 138/7 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम की पहली पारी 53.2 ओवर में 209 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलने उतरी न्यूजीलैंड पर तीसरे दिन इंग्लैंड ने शिकंजा कस दिया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 83 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। टीम को इंग्लैंड के खिलाफ बढ़त के लिए 24 रन की और जरूरत है। इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 87.1 आवेर में 8 विकेट के नुकसान पर 435 रन पर पहली पारी घोषित कर दी थी।
लाथम और कॉन्वे ने टीम को दी मजबूत शुरुआत
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टॉम लाथम (Tom Latham) और डेवोन कॉन्वे (Devon Conway) ने टीम को दूसरी पारी में मजबूत शुरुआत दी। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 149 रन की साझेदारी की। लाथम ने 172 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 83 रन बनाए। यह उनका टेस्ट करियर का 26वां अर्धशतक है। इसके अलावा डेवोन कॉन्वे ने भी 155 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 61 रन बनाए। यह उनका सातवां अर्धशतक है। विल यंग लंबी पारी नहीं खेल पाए। वे 23 गेंदों पर 8 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक केन विलियम्सन 25 रन और हेनरी निकोल्स 18 रन बनाकर क्रीज पर थे।
न्यूजीलैंड पर सीरीज गंवाने का खतरा
न्यूजीलैंड पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। टीम अगर इंग्लैंड के सामने बड़ा स्कोर रखने में असफल रहती है तो मैच के साथ सीरीज भी गंवा देगी। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है। सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 267 रन से हराया था।
