क्रिकेट

Duleep Trophy 2025: एन.जगदीशन के शतक के बाद गुरजपनीत ने गेंद से बरपाया कहर, फाइनल में पहुंची साउथ जोन की टीम

Duleep Trophy 2025 Semi Final: साउथ जोन ने रविवार को दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस टीम ने बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच की पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी।

Image

एन जगदीशन (फोटो- PTI)

Duleep Trophy 2025 Semi Final: दलीप ट्रॉफी 2025 का रोमांचक सेमीफाइनल रविवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन पहली पारी की बढ़त के आधार पर साउथ जोन ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर खेला गया था।

एन जगदीशन का शानदार प्रदर्शन

साउथ जोन की जीत में सबसे बड़ा योगदान विकेटकीपर-बल्लेबाज एन जगदीशन का रहा। उन्होंने पहली पारी में शानदार 197 रन की पारी खेली और दूसरी पारी में भी नाबाद 52 रन बनाकर टीम को संकट से बाहर निकाला। उनकी इस जबरदस्त बल्लेबाज़ी ने टीम को मजबूत स्थिति में खड़ा किया।

पहली पारी में साउथ जोन का बड़ा स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी साउथ जोन की टीम ने पहली पारी में 536 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।एन जगदीशन ने इस पारी में 16 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 197 रन बनाए।उनके साथ तन्मय अग्रवाल (43) और देवदत्त पड्डिकल (57) ने महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं।रिकी भुई (54) और तनय त्यागराजन (58) ने भी अहम योगदान दिया।नॉर्थ जोन के लिए गेंदबाज निशांत सिंधु सबसे सफल रहे, जिन्होंने 5 विकेट झटके।

नॉर्थ जोन की पहली पारी में संघर्ष

जवाब में नॉर्थ जोन की टीम 361 रन पर सिमट गई और साउथ जोन को पहली पारी के आधार पर 175 रनों की बढ़त मिल गई।नॉर्थ के लिए शुभम खजूरिया ने 128 रन की शानदार पारी खेली।निशांत सिंधु ने 82 रन, जबकि आयुष बडोनी (40) और मयंक डागर (31) ने भी योगदान दिया।साउथ जोन के लिए गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने सबसे ज्यादा सफलता हासिल की। उन्होंने 96 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए, जबकि निधीश ने तीन विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में भी जगदीशन चमके

पहली पारी में बड़ी बढ़त मिलने के बाद साउथ जोन ने दूसरी पारी में आत्मविश्वास से बल्लेबाज़ी की। टीम ने 24.4 ओवर में 95 रन बनाए और केवल एक विकेट गंवाया।इस पारी में एन जगदीशन 52 रन बनाकर नाबाद रहे।उन्होंने देवदत्त पड्डिकल के साथ अटूट साझेदारी की।टीम ने 34 रन पर तन्मय अग्रवाल का विकेट गंवाया, लेकिन इसके बाद कोई और झटका नहीं लगा।

ड्रॉ पर खत्म हुआ मुकाबला, फाइनल में साउथ जोन

सेमीफाइनल मुकाबला अंततः ड्रॉ पर समाप्त हुआ। लेकिन पहली पारी की बढ़त की बदौलत साउथ जोन ने फाइनल में जगह पक्की कर ली।

खिताबी जंग 11 सितंबर को

अब साउथ जोन की टीम 11 सितंबर को बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर सेंट्रल जोन के खिलाफ फाइनल में उतरेगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि खिताबी मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article