क्रिकेट

प्रतिका रावल को मिला सम्मान, दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने प्राइज की भी की घोषणा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी और भारतीय महिला टीम की ओपनर प्रतिरा रावल को सम्मानित किया। उन्होंने इस दौरान कैश प्राइज का भी ऐलान किया।

Image

प्रतिका रावल (साभार-X)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को महिला क्रिकेटर प्रतिका रावल से अपने आवास पर मुलाकात की और दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। रावल ने हाल में समाप्त हुए आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में 308 रन बनाए। वह लौरा वोल्वार्ड्ट (571), स्मृति मंधाना (434) और एशले गार्डनर (328) के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर थीं।

दिल्ली की यह क्रिकेटर बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम ग्रुप लीग मैच के दौरान चोटिल हो गई थी, जिसके कारण वह सेमीफाइनल और फाइनल में नहीं खेल सकी थी। भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी खिताब जीता। गुप्ता ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में हमने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी प्रतिका रावल का स्वागत किया। हमारी प्रतिभाशाली बेटी प्रतिका ने दिल्ली को गौरवान्वित किया है। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली सरकार उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी।’’ इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहन जेटली भी उपस्थित थे।

प्रतिका ने जताया आभार

प्रतिका ने सीएम रेखा गुप्ता के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा 'आपके सम्मान, प्रोत्साहन और स्नेह के लिए हृदय से धन्यवाद। दिल्ली सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान मेरे लिए सिर्फ पुरस्कार नहीं, बल्कि मेरी मेहनत, मेरे सपनों और मेरे खेल-सफर को मिली एक बड़ी प्रेरणा है। आज आपके हाथों मिला यह सम्मान मेरे भीतर और भी ऊर्जा, समर्पण और जिम्मेदारी भरता है। मैं वादा करती हूँ कि आने वाले समय में देश और दिल्ली का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊँचा उठाने के लिए पूरी लगन से मेहनत करती रहूँगी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article