क्रिकेट

मुसीबत में डेविड वॉर्नर, शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में हुए गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। उन्हें 7 मई को कोर्ट के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। वर्तमान में वॉर्नर पीएसएल खेल रहे हैं।

Image

डेविड वॉर्नर (साभार -X)

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर बहुत बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। न्यूज डॉट कॉम एयू के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वार्नर, जो वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं, को न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने रोका और उनका रैंडम ब्रेथ टेस्ट किया। जांच में पाया गया कि वार्नर ने निर्धारित सीमा से अधिक शराब का सेवन किया था। उनके ब्लड में अल्कोहल की मात्रा 0.104 दर्ज की गई, जो ऑस्ट्रेलिया में कानूनी सीमा से दोगुने से भी अधिक है। इसके आधार पर, वार्नर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें मारूबरा पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

यह घटना सुबह 5.30 बजे की बताई जा रही है। मालाबार रोड में मारूबरा पुलिस स्टेशन रुटीन रैंडम ब्रेथ टेस्ट कर रही थी। इस दौरान वॉर्नर की गाड़ी वहां से गुजरी और जांच के दौरान पकड़े गए। मारूबरा पुलिस की मानें तो “एक वैन को कथित तौर पर परीक्षण स्थल से कुछ दूरी पर रुकते और उसे पार्क करते हुए देखा गया। ट्रैफिक और हाईवे पेट्रोल कमांड के अधिकारियों ने वाहन के पास जाकर 39 वर्षीय व्यक्ति – का सड़क किनारे परीक्षण किया, जिसका परिणाम पॉजीटिव आया।” उन्हें अगले महीने कोर्ट में हाजिर होने को कहा गया है।

ऑस्ट्रेलियाई कानून के तहत, इस लेवल पर शराब पीकर गाड़ी चलाने (ड्रिंक-ड्राइविंग) के मामले में आमतौर पर यात्रा प्रतिबंध या पासपोर्ट जमा कराने की आवश्यकता नहीं होती। यह ऐसे केस में किया जाता है अगर व्यक्ति पर फरार होने का डर हो। वॉर्नर के केस में कोई सख्त जमानत शर्तें लागू नहीं की गई हैं, इसलिए वह ऑस्ट्रेलिया छोड़ने के लिए स्वतंत्र हैं।

पीएसएल खेल रहे हैं वॉर्नर

आईपीएल में डेविड वॉर्नर अनसोल्ड रहे थे और फिलहाल वह पीएसएल खेल रहे हैं। पीएसएल में वॉर्नर कराची किंग का नेतृत्व कर रहे हैं। वह जल्द ही अपनी टीम से जुड़ जाएंगे जिसका मुकाबला 9 अप्रैल को पेशावर जल्मी से होने वाला है। इस लीग में वॉर्नर शानदार फॉर्म में हैं। बीते 2 अप्रैल को उन्होंने 198 रन का पीछा करते हुए 36 गेंद में अर्धशतकीय पारी खेली थी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article