आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां गुजरात का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। चेन्नई के पास 5 ट्रॉफी जीतकर मुंबई की बराबरी करने का मौका है जबकि गुजरात के पास कोलकाता की बराबरी करने का मौका है। ऐसे में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
लेकिन आज से ठीक 12 साल पहले चेन्नई लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी थी। चेन्नई ने इस मैच में आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ दिया था।
मुरली विजय की पारी से जीता था सीएसके
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए थे। मुरली विजय ने 52 गेंद पर 95 और माइक हसी ने 45 गेंद में 63 रन की पारी खेली थी। विजय ने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए थे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी की थी। आरसीबी की तरफ से क्रिस गेल और श्रीनाथ अरविंद ने 2-2 विकेट झटके थे।
चेन्नई के गेंदबाज के सामने आरसीबी का सरेंडर
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम चेन्नई के स्पिन गेंदबाजों के सामने 8 विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी। चेन्नई की तरफ से रविचंद्रन अश्निन ने 3 और शादाब जकाती ने 2 विकेट झटके थे। आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक 42 रन की पारी सौरभ तिवारी ने खेली थी। तिवारी के अलावा विराट कोहली ने 32 गेंद में 35 रन की पारी खेली थी।
बल्लेबाजी में मुरली विजय और माइक हसी और गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन और शादाब जकाती के प्रदर्शन से चेन्नई दूसरी बार चैंपियन बनी थी, जबकि आरसीबी की पहली ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया था।
