क्रिकेट

मुल्डर ने 400 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं तोड़ा, अब रिकॉर्ड के मालिक ब्रायन लारा ने चुप्पी तोड़ी, जानिए क्या कहा

Brian Lara Breaks The Silence On Wiaan Mulder decision: वियान मुल्डर द्वारा नाबाद 367 रनों की पारी खेलने के बावजूद पारी घोषित करना और ब्रायन लारा के 400 रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड टेस्ट स्कोर को तोड़ने की कोशिश ना करना चर्चा का बड़ा विषय बन गया। मुल्डर ने कहा था कि वो रिकॉर्ड महान लारा के पास ही अच्छा लगता है, लेकिन अब जानिए कि खुद ब्रायन लारा ने क्या कहा है।

Image

ब्रायन लारा ने मुल्डर के फैसले पर दिया बयान (Instagram/ProteasMenCSA/Brian Lara)

KEY HIGHLIGHTS
  • ब्रायन लारा ने आखिरकार चुप्पी तोड़ी
  • वियान मुल्डर ने 400 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड का पीछा नहीं किया था
  • अब उस फैसले पर ब्रायन लारा का बयान आया

कुछ ही दिन पहले की बात है जब दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच हुए टेस्ट मैच में मेहमान दक्षिण अफ्रीकी टीम की पहली बार कप्तानी करने उतरे थे ऑलराउंडर वियान मुल्डर (Wiaan Mulder)। किसी ने भी नहीं सोचा था कि आगे क्या होने वाला था। पिछले टेस्ट में शतक लगाने के साथ-साथ विकेटों की झड़ी लगाने वाले मुल्डर इस बार कप्तान थे और इस मौके को उन्होंने इतना खास बना दिया कि सब देखते रह गए। मुल्डर ने तिहरा शतक लगा दिया और 367 के स्कोर तक पहुंच गए। लेकिन फिर अचानक पारी घोषित करने का फैसला करके सबको चौंका दिया। वो महान ब्रायन लारा (Brian Lara) का 400 रनों की पारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते थे, लेकिन नहीं तोड़ा। वजह बताई- कि वो चाहते हैं कि ये रिकॉर्ड लारा जैसे महान खिलाड़ी के पास ही रहे। इस बयान पर काफी चर्चा हुई और अब आखिरकार खुद ब्रायन लारा ने इस पर चुप्पी तोड़ दी है।

ब्रायन लारा की वर्ल्ड रिकॉर्ड नाबाद 400 रनों की सबसे बड़ी टेस्ट पाकी के करीब होने के बावजूद उनके रिकार्ड को तोड़ने का प्रयास नहीं करने के वियान मुल्डर के फैसले को वेस्टइंडीज के महान पूर्व खिलाड़ी ब्रायन लारा ने भी सही नहीं बताया और कहा कि वियान को उस मुकाम तक पहुंचना चाहिए था। लारा ने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ यह ऐतिहासिक पारी खेली थी।

दोनों के बीच हुई बातचीत

दोनों ने हाल ही में एक-दूसरे से बात की और मुल्डर ने कहा कि लारा उनके फैसले से पूरी तरह सहमत नहीं थे। मुल्डर ने 'सुपरस्पोर्ट' से कहा, "अब जब चीजें थोड़ी स्थिर हो गई हैं, तो मैंने ब्रायन लारा से थोड़ी बात की। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे अपनी विरासत खुद ही तैयार करनी होगी और मुझे रिकॉर्ड बनाना चाहिए था।"

लारा ने कहा रिकॉर्ड टूटने के लिए बनते हैं

मुल्डर ने दोनों की बातचीत के बार में आगे कहा, "लारा ने कहा कि रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं और भविष्य में कभी मैं फिर से उस स्थिति में पहुंचूं तो मैं उनसे अधिक स्कोर बनाऊं।" मुल्डर की पारी टेस्ट क्रिकेट में पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर और किसी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी का सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने कहा कि अब लारा के विचार जानने के बावजूद वह उस दिन लिए गए अपने फैसले को सही मानते हैं।

कोच ने दी थी रिकॉर्ड छोड़ने की राय

उन्होंने कहा, "यह उनका दिलचस्प दृष्टिकोण था, लेकिन मैं अब भी मानता हूं कि मैंने सही फैसला किया और खेल का सम्मान करना मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।" मुल्डर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने उनसे कहा था, "सुनो, बड़े स्कोर दिग्गजों के नाम पर रहने दो।" हालांकि अब शायद शुकरी कॉनराड इसको लेकर आलोचनाओं का शिकार जरूर होंगे क्योंकि उन्हीं के कारण मुल्डर रिकॉर्ड के पीछे नहीं गए। फिलहाल मुल्डर विश्व क्रिकेट में छाए हुए हैं और आने वाले दिनों में हर मैच में सबकी नजरें इस शानदार ऑलराउंडर पर रहेंगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को हराकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article