क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर टेस्ट में जीत से खौफ में आया ऑस्ट्रेलिया, पूर्व दिग्गज ने अपनी टीम को चेताया

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन का मानना है कि बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर टेस्ट में भारतीय टीम जिस आक्रामक अंदाज में जीत हासिल की उसे वो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी दोहरा सकती है। जानिए उन्होंने और क्या कहा?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत की कानपुर टेस्ट में जीत से डरा ऑस्ट्रेलिया
  • ब्रेड हैडिन ने की टीम इंडिया के रवैये की तारीफ
  • ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी ऐसा प्रदर्शन कर सकता भारत

मेलबर्न:ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रैड हैडिन का मानना है कि बांग्लादेश के खिलाफ बारिश से प्रभावित कानपुर टेस्ट मैच में बेहद आक्रामक रवैये के साथ जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम अगले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वैसा ही प्रदर्शन दोहरा सकती है। भारत ने शुरुआती तीन दिन में सिर्फ एक सत्र का खेल होने के बावजूद इस टेस्ट में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और आक्रामक गेंदबाजी से जीत दर्ज कर दो मैचों की श्रृंखला में सूपड़ा साफ किया।

भारतीय टीम ने खेली शानदार क्रिकेट

हैडिन ने इस अंदाज में टेस्ट मैच खेलने के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ की। हैडिन ने ‘एलआईएसटीएनआर’ पॉडकास्ट पर कहा,'उन्होंने मैच जीतने का मौका बनाया। वह बल्लेबाजी करते समय यह ध्यान नहीं रख रहे थे कि उन्हें कितने रन बनाने हैं। उनका ध्यान बांग्लादेश को आउट करने के लिए जरूरी समय पर था। भारतीय टीम ने शानदार क्रिकेट खेला, यह टीम को जीत के लिए समय देने के बारे में था। मैं इस प्रदर्शन के लिए रोहित शर्मा और कोचिंग दल के सदस्यों को बधाई देना चाहूंगा।'

रोहित के लिए जीत पहले है बाकी चीजें बाद में

बांग्लादेश को पहली पारी में 233 रन पर आउट करने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 50, 100, 150, 200 और 250 का रिकॉर्ड बनाया। भारत ने महज 34.4 ओवर में नौ विकेट पर 285 रन बनाकर पारी घोषित करने के बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी को सस्ते में समेट कर जीत के लिए 95 रन के लक्ष्य को तीन विकेट गंवा कर हासिल कर लिया। हैडिन ने कहा,'रोहित इस तरह के खिलाड़ी हैं। उनके लिए जीत पहले है और बाकी चीजें बाद में और भारतीय टीम ने उसी जज्बे के साथ खेला और खुद के लिए टेस्ट मैच जीतने का मौका बनाया। मुझे उनके क्रिकेट का यह तरीका पसंद आया।'

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी ऐसा कर सकती है टीम इंडिया

हैडिन से जब पूछा गया कि क्या भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी ऐसा कर सकता है तो उन्होंने कहा,'मैं वास्तव में ऐसा मानता हूं। आप अगर इस नतीजे (बांग्लादेश के खिलाफ) पर नजर डालें तो भारत के लिए सबसे खराब नतीजा ड्रॉ होता। भारत को मैच गंवाने का डर नहीं था। रोहित के पास खोने के लिए कुछ नहीं था। यह देखना कितना अच्छा था। यह टेस्ट क्रिकेट जीतने का एक शानदार तरीका है।' भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के अपने पिछले दोनों दौरे पर टेस्ट श्रृंखला में जीत दर्ज की है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article