क्रिकेट

आ गई तारीख! इस दिन होगा BCCI अध्यक्ष पद के लिए चुनाव

बीसीसीआई अध्यक्ष का पद रोजर बिन्नी के कार्यकाल पूरा करने के बाद खाली है। ऐसे में नए अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए होने वाली बीसीसीआई का सालाना आम बैठक (एजीएम) की तारीख आ गई है।

Image

बीसीसीआई लोगो (फोटो क्रेडिट BCCI X)

मुंबई: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की आम सालाना बैठक (एजीएम) 28 सितंबर को मुंबई में आयोजित होगी जिसमें बोर्ड अध्यक्ष और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चेयरमैन सहित कई पदों के लिए चुनाव मुख्य एजेंडे में शामिल होंगे। इस महीने की शुरुआत में पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोजर बिन्नी के इस्तीफे के बाद से बीसीसीआई अध्यक्ष का पद खाली है जबकि आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल के छह साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद अनिवार्य ब्रेक (कूल-ऑफ अवधि) पर जाने की संभावना है।

हालांकि चुनाव बीसीसीआई के सभी प्रमुख पदों के लिए होने हैं लेकिन यह प्रभावी रूप से केवल एक पद के लिए ही होना है क्योंकि अन्य पदों पर अधिकारियों के बरकरार रहने की संभावना है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने संयुक्त सचिव के रूप में दो साल और तीन महीने तथा सचिव के रूप में नौ महीने सहित कुल तीन साल पूरे कर लिए हैं जिससे उनका पद पर बने रहना तय है।

जय शाह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष का पद संभालने के बाद इस साल जनवरी में सैकिया को सर्वसम्मति से सचिव चुना गया था। अन्य अधिकारी जिनके पद पर बने रहने की संभावना है, उनमें रोहन गौंस देसाई और प्रभतेज भाटिया हैं। देसाई को इस साल मार्च में संयुक्त सचिव और भाटिया को जनवरी में सैकिया के साथ कोषाध्यक्ष चुना गया था। पहले बताया गया था कि जुलाई में 70 वर्ष के हो चुके बिन्नी सितंबर में होने वाली वार्षिक आम बैठक (एजीएम) तक बीसीसीआई अध्यक्ष बने रहेंगे। बिन्नी को अक्टूबर 2022 में बीसीसीआई अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article