क्रिकेट

जिम्बाब्वे को हराकर बांग्लादेश ने जीता टी20 सीरीज, वनडे और टेस्ट में मिली थी हार

बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को तीसरे टी20 मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही 3 मैच की टी20 सीरीज बांग्लादेश ने 2-1 से अपने नाम की। तंजिद हसन इस मैच के हीरो रहे जिन्होंने 60 रन की पारी खेली।

Image

जिम्बाब्वे और बांग्लादेश (साभार-X)

तंजिद हसन की अर्धशतकीय पारी के दम पर बांग्लादेश ने तीसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हरा दिया। क्वींस स्पोर्ट्स क्लब बुलावायो में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 144 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने तंजिद हसन के 66 रन की पारी के दम पर 2 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। तंजिद के अलावा परवेज हुसैन इमोन और तौहिद ह्रदोय ने 24-24 रन की पारी खेली। हालांकि, बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 4 रन के स्कोर पर उसने अपना पहला विकेट गंवा दिया। सैफ हसन 4 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए तंजिद हसन और परवेज हुसैन ने 55 रन की साझेदारी की और बांग्लादेश की जीत की नींव रखी, जिसे अंजाम तक पहुंचा तौहिद ह्रदोय और तंजिद हसन की जोड़ी ने जिन्होंने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

इससे पहले जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से डियोन मायर्स ने 73 और ब्रायन बेनेट ने 47 रन की पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद सैफुद्दीन ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए थे। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने 3 मैच की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहला मुकाबला जिम्बाब्वे ने 32 रन से अपने नाम किया था, उसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी की और बैक टू बैक मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।

टेस्ट और वनडे में हार का बदला

एकमात्र टेस्ट जिम्बाब्वे ने पारी और 84 रन के अंतर से अपने नाम किया था, जो उसकी सबसे बड़ी जीत थी। इसके अलावा 3 मैच की वनडे सीरीज भी जिम्बाब्वे ने अपने नाम की थी। 3 मैच की वनडे सीरीज को जिम्बाब्वे ने 2-1 से अपने नाम किया। जिम्बाब्वे ने पहला मुकाबला 25 रन से और दूसरा मुकाबला 13 रन से अपने नाम किया था।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article