क्रिकेट

कैंसर से उबरकर दोबारा मैदान में वापसी के लिए तैयार है 33 वर्षीय कंगारू क्रिकेटर

ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन टेस्ट और 6 वनडे खेल चुका 33 वर्षीय क्रिकेटर कैंसर से उबरकर मैदान में वापसी करने के लिए तैयार है। जानिए कौन है वो प्लेयर?

Image

निक मैडिन्सन (@TheYorkerBall X)

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट क्रिकेटर निक मैडिन्सन ने खुलासा किया है कि इस साल की शुरुआत में वृषण (टेस्टिकुलर) कैंसर का पता चलने के बाद उन्होंने कीमोथेरेपी करवाई थी लेकिन अब वे अपना करियर फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह से स्वस्थ हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन टेस्ट और छह एकदिवसीय मैच खेलने वाले इस 33 साल के खिलाड़ी ने बताया कि उन्हें इस साल मार्च में न्यू साउथ वेल्स टीम से बाहर होना पड़ा था। उन्हें इसके बाद इस चिकित्सा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

अन्य हिस्सों में फैल गया था कैंसर

‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ ने मैडिन्सन के हवाले से लिखा,'जब मुझे पता चला कि मुझे कीमोथेरेपी करवानी है, तो इससे निपटना मेरे लिए काफी मुश्किल था। यह मेरे पेट के ‘लिम्फ नोड्स’ और फेफड़ों के कुछ हिस्सों में फैल गया था। यह मेरे लिए काफी चुनौतीपूर्ण दौर था।'

झड़ गए थे सारे बाल

आईपीएल 2014 और 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए तीन मैच खेलने वाले इस खिलाड़ी ने कहा,'दूसरे या तीसरे सप्ताह तक मेरे सारे बाल झड़ गए। मैं अब काफी सामान्य महसूस कर रहा था। मैं इसके दुष्प्रभावों से निपटने के लिए तरह-तरह के स्टेरॉयड (दवा) ले रहा था, लेकिन इससे मैं रात भर सो नहीं पता था। मैं लगभग एक बजे तक सोता था, लेकिन कभी-कभी मैं सुबह छह बजे तक जागा रहता था। मुझे यह मुश्किल लग रहा था। मैं बहुत थक गया था और मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मुझे चौबीसों घंटे सोना ही है। ये नौ सप्ताह मेरे लिए काफी मुश्किल भरे रहे थे।'

क्रिकेट की यात्रा फिर से शुरू करने को हैं तैयार

कीमोथेरेपी से हालांकि मैडिन्सन को काफी फायदा हुआ और वह अपनी क्रिकेट यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने गुरुवार को न्यू साउथ वेल्स टीम के साथियों के साथ मैदान पर अभ्यास शुरू किया। उन्होंने कहा, 'मुझे यह जानकर बहुत डर लगा कि कम उम्र में ही मैं इस बीमारी की चपेट में आ गया और फिर यह मेरे शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल गई। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि अगर आपको किसी बात की चिंता है, तो उसकी जांच करवाना बहुत जरूरी है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article