क्रिकेट

Women's T20 World Cup 2024: ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप के लिए टीम का ऐलान किया

Australia's Squad For ICC Women's T20 World Cup 2024: अक्टूबर में शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। एलिसा हीली को टीम का कप्तान बनाया गया है जबकि ताहलिया मैक्ग्रा टीम की उपकप्तान होंगी। इस 15 सदस्यीय टीम में कई धुरंधर खिलाड़ी मौजूद हैं।

Image

एलिसा हीली (ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024
  • ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप के लिए टीम का ऐलान किया
  • एलिसा हीली होंगी ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तान

ICC Women's T20 World Cup 2024: डार्सी ब्राउन पैर की चोट से उबर गई हैं और उन्हें 15 खिलाड़ियों की आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप टीम में शामिल किया गया है, जबकि अनुभवी स्पिनर जेस जोनासेन को टीम में जगह नहीं मिली है। टीम की कमान एलिसा हिली के हाथों में होगी। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को अक्टूबर में खेले जाने वाले इस मेगा इवेंट के लिए अपनी टीम की घोषणा की। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप ए में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है।

बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल और तख्तापलट के कारण महिला टी20 विश्व कप को लेकर भी काफी बवाल था। इस मेगा इवेंट की मेजबानी बांग्लादेश के पास थी। मगर, अब वेन्यू बदलकर यूएई कर दिया गया है। हालांकि, मेजबानी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के पास ही रहेगी।

यह टूर्नामेंट यूएई के दो स्थानों - दुबई और शारजाह में 3 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक खेला जाएगा। पिछले साल लंबे समय तक कप्तान रहीं मेग लैनिंग के संन्यास लेने के बाद एलिसा हीली टीम की कमान संभालेंगी और ऑलराउंडर ताहलिया मैकग्रा को उप-कप्तान बनाया गया है।

यूएई में होने वाले विश्व कप के लिए रवाना होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम न्यूजीलैंड के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है।

राष्ट्रीय टीम चयन प्रमुख शॉन फ्लेगर ने कहा, "लंबे समय में यह पहली बार है जब विश्व कप से पहले हमारी पूरी टीम चयन के लिए उपलब्ध है। इसका परिणाम वास्तव में एक स्थिर और संतुलित टीम है। एलिसा हीली पहली बार विश्व कप में कमान संभालेंगी और हम देख चुके हैं कि वह और ताहलिया मैकग्राथ नेतृत्व के दृष्टिकोण से कितनी मजबूत है, इसलिए उनके लिए सबसे बड़े मंच पर अपने देश का नेतृत्व करने का यह अवसर मिलना रोमांचक है।"

टी20 महिला विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम

एलिसा हिली (कप्तान), ताहलिया मैक्ग्रा (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, एश्ले गार्डनर, फोबी लिचफील्ड, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पैरी, मेगन शूट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वेयरहैम, टेयला व्लामिन्क, किम गर्थ, ग्रेस हैरिस और एलाना किंग।

(IANS इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article