मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार के मेलबर्न के ऐतिहासिक मैदान पर शुरू हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन विकेटों की झड़ी लगी गई। एमसीजी के खचाखच भरे मैदान पर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लिश गेंदबाजों में अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए मेजबान टीम को 45.2 ओवर में 152 रन पर ढेर कर दिया। जोश टंग ने इंग्लैंड के लिए 45 रन देकर पांच विकेट लिये।
पहली पारी में 110 रन पर ढेर हुआ इंग्लैंड
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया और पूरी टीम 29.5 ओवर में 110 रन पर ढेर हो गई। सीरीज में 3-0 की विजयी बढ़त बना चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम 42 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रही। माइकल नेसेर ने 45 रन देकर चार विकेट लिये। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने बगैर किसी नुकसान के 4 रन बना लिए हैं,सके पास अब 46 रन की बढ़त हो गई है। स्कॉट बोलैंड 4 और ट्रेविस हेड 0 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैच के लिए उमड़े रिकॉर्ड दर्शक
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट के लिये रिकॉर्ड 94199 दर्शक पहुंचे थे जबकि पिछला रिकॉर्ड 93013 का था जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 2015 विश्व कप फाइनल के दौरान दर्ज किया गया था।
सधी हुई शुरुआत के बाद लगी विकेटों की झड़ी
ऑस्ट्रेलिया ने पहले छह ओवर में 27 रन बनाये। इसके बाद ट्रेविस हेड (12) को गस एटकिंसन ने सस्ते में आउट किया। टंग ने जेक वेदराल्ड (10) को पवेलियन भेजा और उनका अगला शिकार मार्नस लाबुशेन (छह) बने जो पहली स्लिप में कैच देकर लौटे। आस्ट्रेलिया के तीन विकेट 34 रन पर गिर गए थे। कप्तान स्टीव स्मिथ को टंग ने जब आउट किया तब स्कोर 51 रन था। अनुभवी उस्मान ख्वाजा 29 रन बनाकर एटकिंसन की गेंद पर आउट हुए। उस समय स्कोर पांच विकेट पर 89 रन था और दो रन बाद एलेक्स कैरी ने गली में कैच थमा दिया। नेसेर (35) और कैमरन ग्रीन (17) ने 52 रन की साझेदारी की लेकिन ग्रीन के रन आउट होने पर यह साझेदारी टूट गई। टंग ने नेसेर और स्कॉट बोलैंड (0) को अपने 12वें ओवर की पहली दो गेंदों पर आउट किया।
इंग्लैंड ने 8 रन पर गंवा दिए थे 3 विकेट
जवाब में इंग्लैंड ने पांचवें ओवर में तीन विकेट आठ रन पर गंवा दिये थे। जैक क्रॉली (पांच), जैकब बेथेल (दो) और बेन डकेट (दो) जल्दी आउट हो गए। जो रूट खाता भी नहीं खोल सके। हैरी ब्रूक ने 34 गेंद में 41 रन बनाये और पांचवें विकेट के लिये बेन स्टोक्स के साथ 50 रन जोड़े। बोलैंड ने ब्रूक, जैमी स्मिथ (दो) और विल जैक्स (पांच) को लगातार तीन गेंदों पर आउट किया । स्टोक्स 16 रन बनाकर स्लिप में कैच देकर लौटे।
(भाषा इनपुट के साथ)
