क्रिकेट

AUS vs NZ: न्यूजीलैंड दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किया टीम का ऐलान, वनडे से संन्यास ले चुके खिलाड़ी को मौका

Australia Squad: ऑस्ट्रेलिया ने अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में वनडे से संन्यास ले चुके खिलाड़ी को मौका दिया गया है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज को तैयारी के तौर पर देख रही है।

Image

ऑस्ट्रेलिया स्क्वॉड (साभार-Cricket Australia)

Australia Squad: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को तीन मुकाबलों की इस सीरीज में मौका दिया गया है। मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल ओवेन और जेवियर बार्टलेट के साथ स्टोइनिस की वापसी से अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप में जगह बनाने का उनका दावा मजबूत हो गया है। 36 वर्षीय मार्कस स्टोइनिस ने आखिरी बार नवंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेला था। उन्होंने पिछले एक साल से कोई सेंट्रल या स्टेट कॉन्ट्रैक्ट नहीं किया है।

मार्कस स्टोइनिस इस साल फरवरी में वनडे फॉर्मेट से संन्यास ले चुके थे, लेकिन वैश्विक टी20 सर्किट पर सक्रिय रहे। इस बीच उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स और द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। यह दोनों ही टीमें फाइनल तक पहुंचीं। ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस सीरीज में मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस की कमी खलेगी। स्टार्क टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं, जबकि कमिंस पीठ की चोट से उबर रहे हैं।

मैथ्यू शॉर्ट साइड स्ट्रेन की चोट से उबर चुके हैं। यह चोट उन्हें जुलाई में वेस्टइंडीज सीरीज से पहले जमैका में ट्रेनिंग के दौरान लगी थी। नाथन एलिस पितृत्व अवकाश के चलते इस दौरे से बाहर रहेंगे। एलेक्स कैरी और आरोन हार्डी साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर खेले थे, लेकिन न्यूजीलैंड के विरुद्ध इस टी20 सीरीज में अपनी जगह नहीं बना सके। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 1, 3 और 4 अक्टूबर को टी20 सीरीज के तीन मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच माउंट माउंगानुई में आयोजित होंगे।

ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम (Australia T20 Team): मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जैम्पा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article